Lionel Messi GOAT India Tour: मुंबई एक बार फिर इतिहास रचने वाली है। अर्जेंटीना के सुपरस्टार और 2022 फीफा वर्ल्ड कप के हीरो लियोनल मेसी 14 दिसंबर को मुंबई आ रहे हैं। कोलकाता में उनके पिछले छोटे से दौरे से जो फैंस मायूस रह गए थे, उनके लिए ये मौका किसी सपने से कम नहीं है। वानखेड़े स्टेडियम में शाम 5 बजे से होने वाला ये खास इवेंट शहर में जबरदस्त चर्चा में है। फुटबॉल के दीवाने तो कब से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब मेसी को सामने देख सकेंगे।
भारी भीड़ की संभावना, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
इधर पुलिस भी पूरी तैयारी में है। वानखेड़े और आसपास भीड़ जुटनी तय है, ऐसे में ट्रैफिक को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। 14 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। पुलिस का मकसद है कि इवेंट देखने आने वालों और बाकी आम लोगों को कम से कम परेशानी हो। इसके लिए वन-वे रूट, रोड क्लोजर और कुछ वैकल्पिक रास्ते बनाए हैं, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
Maharashtra: Mumbai Police has issued a traffic advisory ahead of the Lionel Messi event at Wankhede Stadium on December 14, urging commuters to plan their travel and expect heavy congestion in the surrounding areas pic.twitter.com/EaE2rGxNYa
— IANS (@ians_india) December 13, 2025
वन-वे रूट और प्रमुख सड़कों पर बदलाव
‘डी’ रोड को मरीन ड्राइव से ‘सी’ और ‘ई’ रोड के जंक्शन तक पश्चिम से पूर्व वन-वे किया जाएगा। ‘ई’ रोड पर ‘डी’ रोड से ‘सी’ रोड की तरफ दक्षिण दिशा में वन-वे ट्रैफिक चलेगा। इसके अलावा नेताजी सुभाषचंद्र बोस रोड, कोस्टल रोड और मरीन ड्राइव के कुछ हिस्से जरूरत पड़ने पर पूरी तरह बंद हो सकते हैं। जिन रास्तों पर रोक लगेगी, वहां चलने वालों के लिए पुलिस ने नए रूट भी बताएं हैं, ताकि लोग आसानी से पहुंच सकें।
पार्किंग की चुनौती, इन जगहों पर मिलेगी सीमित सुविधा
अब पार्किंग की बात करें तो वानखेड़े स्टेडियम में पार्किंग नहीं मिलेगी। दर्शकों को पहले से सोच-समझकर आना होगा। हां, आसपास के कुछ जगहों पर ‘पे एंड पार्क’ की थोड़ी-बहुत सुविधा जरूर है जैसे एन.सी.पी.ए. मार्ग, हॉर्निमन सर्कल, जीवन बीमा मार्ग, जमनालाल बजाज मार्ग, विधान भवन इलाके और दोराबजी टाटा रोड वगैरह। लेकिन गिनती की गाड़ियाँ ही पार्क हो पाएंगी। पुलिस चाहती है लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। लोकल ट्रेन, मेट्रो और बस इस दिन सबसे बढ़िया ऑप्शन हैं।
चैरिटी, फैशन और सेलेब्रिटी स्पोर्ट्स का अनोखा संगम
अब इवेंट की बात करें तो मेसी का मुंबई दौरा सिर्फ फुटबॉल तक ही सीमित नहीं रहेगा। शुरुआत एक हाई-प्रोफाइल चैरिटी फैशन शो से होगी, जिसमें अर्जेंटीना की 2022 विश्व कप जीत से जुड़ी चीजों की नीलामी होगी। नीलामी से जो पैसा आएगा, वो दान में जाएगा। यहां जॉन अब्राहम, करीना कपूर खान, जैकी श्रॉफ जैसे बॉलीवुड सितारे भी नजर आ सकते हैं। इसके बाद क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में एक खास पैडल कप होगा, जिसमें सचिन तेंदुलकर सहित कई खेल और फिल्मी हस्तियां भी शामिल होंगी। 7v7 सेलेब्रिटी फुटबॉल मैच भी फैंस के लिए जबरदस्त आकर्षण रहेगा।
वानखेड़े में मेसी का मास्टरक्लास
शाम को मेसी वानखेड़े स्टेडियम में अपने फैंस के सामने होंगे। यहां वो 60 चुने हुए बच्चों 30 लड़के, 30 लड़कियां को खास कोचिंग देंगे। बच्चों के लिए ये मौका शायद जिंदगी भर याद रहने वाला है। इवेंट में इंटरैक्टिव पेनल्टी शूटआउट, मेसी की फुटबॉल मास्टरक्लास और आखिर में एक म्यूजिकल परफॉर्मेंस भी होगी, जो उनके शानदार करियर का जश्न मनाएगी। कुल मिलाकर, 14 दिसंबर का दिन मुंबई और भारत के फुटबॉल प्रेमियों के लिए हमेशा के लिए यादगार बनने वाला है।
Keywords: Lionel Messi Mumbai Visit, Wankhede Stadium Event, Mumbai Traffic Diversion, Messi India Tour, Messi Schedule Mumbai

