बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद RJD ने समीक्षा की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को तेजस्वी यादव के आवास पर जीते और हारे हुए उम्मीदवारों के साथ विस्तृत बैठक हुई, जिसमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, जगदानंद सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस बैठक में राघोपुर के विधायक तेजस्वी यादव को सर्वसम्मति से RJD विधायक दल का नेता चुना गया। गौरतलब है कि इस चुनाव में 143 सीटों पर लड़ने के बावजूद RJD को सिर्फ 25 सीटों पर जीत मिली, जिसके बाद पार्टी के भीतर नाराज़गी और कई सवालों का माहौल बना हुआ है।
चुनाव की निष्पक्षता पर उठे सवाल
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि बिहार का चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुआ। कई नेताओं ने आरोप लगाया कि परिणाम EVM गड़बड़ी की वजह से प्रभावित हो सकते हैं। परबत्ता से चुनाव हारे RJD नेता डॉ. संजीव कुमार ने दावा किया कि हम सबूतों के साथ कोर्ट जाएंगे। डेढ़ करोड़ से ज्यादा वोट हमें मिले हैं।
लालू यादव की कार्यकर्ताओं को संदेश
बैठक खत्म होने के बाद जगदानंद सिंह ने बताया कि तेजस्वी यादव ही पार्टी को आगे ले जाएंगे, जबकि लालू यादव ने तेजस्वी के मेहनत की तारीफ करते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगे बढ़ने की सलाह दी।
उधर, हार के बाद परिवारवाद और आरोपों को लेकर चर्चा में आई रोहिणी आचार्या पर सवाल पूछे जाने पर नेताओं ने चुप्पी साध ली।
Keywords: Tejashwi Yadav, RJD Review Meeting, Bihar Assembly Election Defeat, RJD Legislature Party Leader, Lalu Prasad Yadav

