पिछले एक महीने में पूरे देश में सड़क हादसों ने चिंता और डर पैदा कर दिया है। राजस्थान से लेकर तेलंगाना तक अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों में 60 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गवाई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, तेज रफ्तार, लापरवाही और सुरक्षा नियमों की अनदेखी मुख्य वजह रही है। आम लोग भी चाहते हैं कि सरकार और प्रशासन भारी वाहनों और तेज रफ्तार गाड़ियों की सख्त जांच करें। साथ ही ड्राइवरों को नियमों का पालन करने के लिए लगातार चेताया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
जैसलमेर सड़क हादसा
14 अक्टूबर को राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। सवारियों से भरी बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। इस बस में लगभग 35 यात्री थे, जिनमें से 20 की मौके पर ही मौत हो गई और कई गंभीर रूप से झुलस गए। बस जैसलमेर से जोधपुर जा रही थी, और थईयात गांव के पास शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। स्थानीय लोगों ने मदद कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई लोगों की जिंदगी बचाना संभव नहीं हो सका।
जयपुर में बस पर करंट लगने से मजदूरों की दर्दनाक मौत
28 अक्टूबर को जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टोडी गांव में एक भयानक हादसा हुआ, जिसमें करंट से दो मजदूरों की मौत हो गई। मजदूरों से भरी बस ईंट भट्टे की ओर जा रही थी, तभी बस ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई और करीब एक दर्जन मजदूर झुलस गए।
जोधपुर का भीषण सड़क हादसा
2 नवंबर को जोधपुर जिले के फलोदी इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर ट्रक ट्रेलर से जा टकराई। इस हादसे में 18 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि यह वाहन कोलायत से दर्शन कर लौट रहा था। स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिए थे।
तेलंगाना सड़क हादसा
3 नवंबर की सुबह तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 20 लोगों की जान चली गई। मिर्जागुड़ा इलाके में टीजीएसआरटीसी बस और डम्पर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के अंदर और ऊपर तक कंकड़ भर गए। हादसे के बाद राहत और बचाव दल को घंटों मेहनत करनी पड़ी।
जयपुर में नशे में धुत डंपर चालक ने वाहनों को कुचला
इसी दिन जयपुर में एक और दर्दनाक हादसा हुआ। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में एक बेकाबू डंपर ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर 10 अन्य वाहनों को रौंद दिया। अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हैं। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, डंपर चालक तेज रफ्तार में था और वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। जयपुर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है।
Keywords: Road Accidents India, Fatal Road Mishaps, India News 2025, One Month Accident Report, Jaipur Dumper Accident

