पंजाबी सिंगर गैरी संधू एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। हाल ही में अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए उनके लाइव कॉन्सर्ट के दौरान उन्होंने मशहूर भक्ति गीत ‘चलो बुलावा आया है’ को बदलकर गाया चलो बुलावा आया है, ट्रंप ने बुलाया है। इस के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया और कई संगठनों ने इसे हिंदू धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया।
शिवसेना पंजाब ने जताया विरोध
शिवसेना पंजाब के नेता भानु प्रताप ने गैरी संधू के इस गाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “यह भक्ति गीत माता रानी से जुड़ा हुआ है, इसे किसी राजनीतिक हस्ती से जोड़ना सीधा-सीधा हिंदू आस्था का अनादर है। हम इस मुद्दे को आगामी तरनतारन उपचुनाव के दौरान सभी हिंदू संगठनों के सामने उठाएंगे और तय करेंगे कि उनके खिलाफ क्या कदम उठाया जाए। यह अपमान किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।”
सोशल मीडिया पर आलोचना
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर गैरी संधू को तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा। कई यूजर्स ने उनसे माफी की मांग की, जबकि कुछ ने उनके शो का बहिष्कार करने की बात कही।
यह पहला मौका नहीं है जब गैरी संधू किसी विवाद में फंसे हों। करीब 11 महीने पहले ऑस्ट्रेलिया में एक लाइव शो के दौरान उन पर हमला हो गया था, जब एक फैन अचानक स्टेज पर चढ़ गया और उनकी गर्दन पकड़ ली। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उस युवक को काबू में कर लिया था।
कौन हैं गैरी संधू
गैरी संधू, जिनका असली नाम गुरनाम सिंह संधू है, मूल रूप से जालंधर (पंजाब) के रुरका कलां गांव के रहने वाले हैं। वे पिछले कई वर्षों से यूनाइटेड किंगडम (यूके) में रहकर अपना संगीत करियर आगे बढ़ा रहे हैं।
गैरी संधू ने 2010 में अपने सुपरहिट पंजाबी गीत ‘माई नी पींदा’ से संगीत जगत में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘इलीगल वेपन’, ‘यस बेबी बंदा बन जा’, और ‘रब्बा’ जैसे कई हिट गाने दिए, जो भारत ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रिय हुए।
उनके गानों में प्यार, जुदाई और जश्न जैसे विषय प्रमुख रूप से दिखाई देते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 53 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाते हैं।
बहरहाल शिवसेना और अन्य हिंदू संगठनों की आपत्ति के बाद, यह देखना दिलचस्प होगा कि गैरी संधू इस विवाद पर कोई स्पष्टीकरण या माफी जारी करते हैं या नहीं। फिलहाल मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
Keywords: Gary Sandhu Controversy, Shiv Sena Reaction, Hindu Sentiments Hurt, Trump Song Controversy

