सत्तर के दशक में अमिताभ बच्चन का ‘एंग्री यंग मैन’ वाला लुक और उनका खास हेयरस्टाइल बहुत मशहूर हुआ था। दीवार और जंजीर जैसी फिल्मों से उनका जो अंदाज सामने आया, वह पूरे देश में छा गया। लेकिन क्या आप जानते है कि अमिताभ बच्चन के उस पॉपुलर हेयरस्टाइल को कौन बनाता था। वह थे आज के टॉप सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट आलिम हकीम के पिता हकीम कैरानवी। हकीम कैरानवी अपने समय के बहुत जबरदस्त स्टाइलिस्ट थे और उन्होंने ही 70 के दशक में अमिताभ बच्चन को ऐसा खास हेयरस्टाइल दिया था जो रातों रात लोकप्रिय हो गया था। आलिम हकीम के पास अपने पिता की बहुत अच्छी यादें है, लेकिन उनके आखिरी वक्त की एक ऐसी याद है जो उनके दिल में आज भी दर्द पैदा करती है।
अमिताभ बच्चन के पहले स्टाइलिस्ट
आलिम हकीम ने ‘स्क्रीन’ को दिए एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन के साथ अपने पिता के लंबे समय के जुड़ाव के बारे में बात की। आलिम ने बताया कि उनके पिताजी ने बच्चन साहब की पहली फिल्म के तुरंत बाद उनके साथ काम शुरू कर दिया था। सात हिंदुस्तानी के बाद अमिताभ बच्चन ने जो कुछ भी किया, उन सब में हेयरस्टाइल उनके पिताजी ने ही दिया था। अमिताभ बच्चन की दूसरी फिल्म रेशमा और शेरा थी, जिसमें सुनील दत्त भी थे, और सुनील दत्त उनके पिताजी के क्लाइंट थे। दत्त साहब ने ही उनके पिताजी को अमिताभ बच्चन से मिलवाया था।
मशहूर हेयरस्टाइल के पीछे का कमाल
आलिम हकीम ने आगे बताया कि यह साथ तब शुरू हुआ और अमिताभ बच्चन के करियर के अंत तक चलता रहा। इसलिए शोले, जंजीर, डॉन, अमर अकबर एंथनी, और दीवार जैसी फिल्मों में आप अमिताभ बच्चन के जितने भी मशहूर हेयरस्टाइल देखते है, उन सबके पीछे उनके पिताजी का ही कमाल था। हकीम कैरानवी ने उस दौर के सभी बड़े स्टार्स, जैसे दिलीप कुमार, जीतेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा, का हेयरकट किया था। आलिम ने बताया कि सिर्फ भारतीय एक्टर ही नहीं, बल्कि ब्रूस ली, रिचर्ड हैरिस, मोहम्मद अली और इंग्लैंड के क्रिकेटर टोनी ग्रेग जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे भी जब भारत आते थे, तो उनके पिता से बाल कटवाने की इच्छा रखते थे।
काम करते हुए ली थी अंतिम सांस
आलिम हकीम ने अपने पिता के आखिरी पलों की भावुक बात बताई। आलिम के अनुसार, उनके पिता ने अपनी अंतिम सांस काम करते हुए ली। आलिम ने बताया कि उनके पिता का निधन बाल काटते समय हुआ था, और उनके जीवन का आखिरी हेयरकट अमिताभ बच्चन का था। वह मैसूर में फिल्म मर्द की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन के बाल काट रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा यानी हार्ट अटैक आया। उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई और अगले ही दिन उनका निधन हो गया, और उस वक्त उनकी उम्र केवल 39 साल थी।
घर में थे सिर्फ 13 रुपये
आलिम हकीम ने ‘हिंदी रश’ को दिए एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि जब उनके पिता का निधन हुआ, तब उनकी उम्र सिर्फ 7 साल थी। आलिम ने बताया कि उन दिनों लोग पैसा जमा नहीं करते थे और सारा पैसा खर्च हो जाता था, यही वजह थी कि पिता के निधन के समय उनके घर में सिर्फ 13 रुपये ही थे। आलिम ने यह भी बताया था कि उस मुश्किल समय में फिल्म इंडस्ट्री से किसी ने भी उनके परिवार की मदद नहीं की थी।
Keywords: Hakim Kairanvi, Alim Hakim, Bachchan Look, Bollywood Tragedy, Mard Film

