राजस्थान के पचपदरा स्थित देश की बड़ी रिफाइनरी में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां कार्यक्रम करने वाले थे। आग लगते ही रिफाइनरी से धुएं के गुबार उठने लगे और कर्मचारियों ने तुरंत फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय कर हालात संभालने की कोशिश शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक आग CDU यूनिट में लगी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं। इस घटना से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भी शाम को निरीक्षण के लिए पहुंचने का कार्यक्रम था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।
एहतियातन खाली कराया गया इलाका
सूत्रों के अनुसार आग क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में लगी है। स्थिति को देखते हुए रिफाइनरी के बड़े हिस्से और आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली करा दिया गया है। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं, जिनमें कार्यक्रम स्थल पर तैनात फायर ब्रिगेड भी शामिल है। फिलहाल टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
सभी कर्मचारी सुरक्षित, कोई हताहत नहीं
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस CDU यूनिट में आग लगी, वहां मौजूद सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अब तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं है। वहीं, स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मौके पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पीएम का कार्यक्रम स्थल सुरक्षित
फिलहाल आग पूरी तरह बुझ नहीं पाई है और रिफाइनरी से अब भी धुआं और लपटें उठती दिख रही हैं, जिससे इलाके में हलचल बनी हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा का स्थान इस यूनिट से करीब एक किलोमीटर दूर है और वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
Keywords: Balotra Refinery Fire Incident, CDU Unit Fire Rajasthan Refinery, PM Modi Event Rajasthan Refinery

