बिहार में चुनावी माहौल काफी गरम हो गया है। राज्य में चुनाव दो चरणों में होंगे, पहले चरण का मतदान 6 नवंबर और दूसरे चरण का 11 नवंबर को होगा। इसके बाद 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसी बीच शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सिवान पहुंचे और यहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सभा में चुनाव प्रचार का आगाज किया और जनता से मोदी-नीतीश सरकार के समर्थन में मतदान करने की अपील की। शाह ने अपने संबोधन में विपक्ष और उनकी नीतियों पर भी निशाना साधा।
सिवान की धरती को नमन
अपने भाषण की शुरुआत में शाह ने सिवान की ऐतिहासिक विरासत को याद किया। उन्होंने कहा, “ये सिवान की भूमि महान राजेन्द्र बाबू की भूमि है। भारत के पहले राष्ट्रपति, संविधान सभा के अध्यक्ष और स्वतंत्रता संग्राम के नायक। इस भूमि को मैं बार-बार प्रणाम करता हूं।” उन्होंने आगे बताया कि महात्मा गांधी और मदन मोहन मालवीय जैसे महान नेताओं ने भी अपने स्वतंत्रता संग्राम के दौर में सिवान की धरती को नमन किया था।
‘सिवान ने झेला शहाबुद्दीन का खौफ, अब नहीं बचेगा जंगलराज’
अमित शाह ने अपने भाषण में शहाबुद्दीन और लालू-राबड़ी शासन पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सिवान ने कभी अत्याचार और हिंसा के दौर को झेला है, लेकिन अब बिहार बदल चुका है। ‘लालू-राबड़ी के जंगलराज में सिवान खून से लथपथ हुआ था। लेकिन अब नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की सरकार में सौ शहाबुद्दीन आ जाएं, किसी का बाल बांका नहीं कर सकते।’
’14 नवंबर को होगी असली दीपावली’
अमित शाह ने लालू परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार की असली दीपावली 14 नवंबर को मनाई जाएगी, जब “लालू के बेटे का सुपड़ा साफ हो जाएगा।” उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था और विकास नीतीश कुमार के नेतृत्व की देन है।
मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान
अमित शाह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने देश के गरीबों और जरूरतमंदों के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत दिया, 15 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया, 12 करोड़ शौचालय बनाए, 10 करोड़ गैस सिलेंडर दिए और 4 करोड़ पक्के घर बनवाए। अमित शाह ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से गरीबों और किसानों की भलाई के लिए समर्पित है और उनका जीवन बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
आतंकवाद और घुसपैठ पर सख्त रुख
अमित शाह ने कहा कि जब यूपीए सरकार (सोनिया-लालू गठबंधन) थी, तब आतंकियों को बिरयानी खिलाई जाती थी। “लेकिन अब मोदी सरकार है, पहलगाम हमले के बाद हमने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर आतंकियों को उनके ठिकानों पर जाकर खत्म किया।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी घुसपैठियों के समर्थन में हैं, लेकिन एनडीए सरकार दोबारा आने पर “हर एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालेगी।”
Keywords: Bihar Election 2025, Amit Shah Rally, BJP Campaign

