प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार सुबह अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले स्थानीय व्यापारियों और टैक्सपेयर से संवाद किया। पीएम मोदी ने हाल ही में लागू हुई जीएसटी की नई दरों पर उनकी राय जानी और बताया कि इन दरों से आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होने से उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जिससे त्योहारों के मौसम में खरीदारी को प्रोत्साहन मिलेगा। पीएम मोदी ने स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर भी जोर देते हुए कहा कि टैक्स कम होने के बाद लोग विदेशी सामान की बजाय भारतीय उत्पादों को अधिक पसंद करेंगे।
विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और जलविद्युत पर जोर
व्यापारियों से मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें प्रमुख रूप से शि योमी जिले में बनने वाली तातो और हीओ जलविद्युत परियोजनाएं शामिल हैं। 186 मेगावाट क्षमता वाली तातो परियोजना 1,750 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी और हर साल करीब 802 मिलियन यूनिट बिजली उत्पन्न करेगी। वहीं 240 मेगावाट की हीओ परियोजना 1,939 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगी और राज्य को सालाना 100 करोड़ यूनिट बिजली देगी। इसके अलावा पीएम मोदी ने तवांग में पीएम-देवाइन योजना के तहत निर्मित कन्वेंशन सेंटर का वर्चुअल उद्घाटन भी किया, जिसकी लागत 145 करोड़ रुपये से अधिक है।
The North East is fast emerging as India's powerhouse. Speaking at the launch of projects related to energy, connectivity and healthcare in Itanagar, Arunachal Pradesh. https://t.co/SIrXM5eumI
— Narendra Modi (@narendramodi) September 22, 2025
पूर्वोत्तर के लिए कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे पर बल
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत हमेशा से उनके दिल के करीब रहा है और इसी कारण उन्होंने मंत्रियों को नियमित रूप से इस क्षेत्र का दौरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने याद दिलाया कि पीएम बनने के बाद वे अब तक 70 से अधिक बार पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा कर चुके हैं। इस बार लॉन्च की गई परियोजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, अग्नि सुरक्षा और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य शामिल हैं। 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इन प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र में जीवन स्तर सुधारने और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की उम्मीद जताई जा रही है।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना और उद्घाटन
अरुणाचल प्रदेश का दौरा पूरा करने के बाद पीएम मोदी त्रिपुरा पहुंचे। वहां उन्होंने माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर में विकास कार्यों का उद्घाटन किया। यह मंदिर न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि त्रिपुरा की सांस्कृतिक पहचान का भी प्रतीक है। मोदी ने कहा कि मंदिर परिसर के आधुनिकीकरण से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर राज्यपाल केटी परनाइक, मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के इस दौरे से पूर्वोत्तर राज्यों में विकास और विश्वास का संदेश गया है।
Keywords – PM Modi Arunachal Visit, PM Modi Tripura Visit, GST New Rates, North East Development, Itanagar Projects, Arunachal Pradesh Infrastructure, Tripura Sundari Temple

