अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि उनके प्रशासन ने सिर्फ 8 महीनों में औसतन हर महीने एक, यानी कुल 8 युद्ध समाप्त किए हैं। यह बयान उन्होंने थाईलैंड और कंबोडिया के नेताओं द्वारा एक विस्तारित युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर करने के मौके पर दिया, जिस दौरान वह खुद मौजूद थे।
थाईलैंड-कंबोडिया के बीच ऐतिहासिक सीजफायर डील
ट्रंप की उपस्थिति में हुए इस समझौते को दोनों देशों के बीच स्थायी शांति की नींव माना जा रहा है। थाई प्रधानमंत्री ने शांति प्रयासों में ट्रंप के व्यक्तिगत समर्पण के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। समझौते के तहत जल्द ही हथियार हटाने और युद्धबंदियों को रिहाई की प्रक्रिया शुरू होगी।
पाक-अफगान संघर्ष जल्द सुलझेगा!
युद्ध खत्म करने के अपने रिकॉर्ड का हवाला देते हुए ट्रंप ने कहा कि अब सिर्फ एक संघर्ष बाकी है, जो पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल ही में शुरू हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह इसे भी जल्द सुलझा लेंगे, क्योंकि वह दोनों देशों के नेताओं को जानते हैं। ट्रंप ने पाकिस्तान के फील्ड मार्शल और प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए उन्हें बहुत अच्छे लोग बताया।
ट्रंप ने आगे कहा कि भले ही यह उनका शौक नहीं है क्योंकि यह एक गंभीर मामला है, लेकिन वह इसमें अच्छे हैं और उन्हें यह करना पसंद है।
UN पर सहयोग न करने का आरोप
युद्धों को सुलझाने की जिम्मेदारी पर संयुक्त राष्ट्र (UN) पर तंज कसते हुए ट्रंप ने कहा कि यह काम UN को करना चाहिए, लेकिन वे ऐसा नहीं करते। उन्होंने UN पर निशाना साधते हुए कहा कि वे तो उनके भाषण के दौरान टेलीप्रॉम्प्टर बंद करने और एस्केलेटर को ठीक से न चलाने जैसे कामों में ही अच्छे हैं। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि UN में क्षमता होने के बावजूद, उन्होंने इस शांति प्रक्रिया में अमेरिका के साथ कोई सहयोग नहीं किया।
ट्रंप का 5 दिवसीय एशिया दौरा: एजेंडा
ट्रंप रविवार को मलेशिया पहुंचे, जहां से उनकी पांच दिवसीय एशिया यात्रा शुरू हुई। जनवरी में पद संभालने के बाद यह उनका सबसे लंबा विदेश दौरा है।
- मलेशिया
कुआलालंपुर में हो रहे आसियान (ASEAN) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। - जापान
नई चुनी गई प्रधानमंत्री सना ताका इची से मुलाकात करेंगे। - दक्षिण कोरिया
बुसान में अंतरराष्ट्रीय व्यापार शिखर सम्मेलन से पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करेंगे।
यह दौरा व्यापार, कूटनीति और क्षेत्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।
Keywords: Trump On Pakistan-Afghanistan, Pakistan-Afghanistan Relation, Thailand&Cambodia Seize Fire Deal

