पापुआ न्यू गिनी के एंगा प्रांत में गुरुवार देर रात एक भीषण भूस्खलन हुआ, जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा कुकास गांव में रात करीब 2 बजे हुआ, जब लोग गहरी नींद में थे। भूस्खलन इतना तेज़ था कि कई घर पूरी तरह मलबे में दब गए और दर्जनों लोग लापता बताए जा रहे हैं।स्थानीय पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर राहत कार्य में जुटे हैं।
मौत के आंकड़ों में असमंजस
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के आंकड़ों में अभी भी अंतर है। एंगा प्रांत के गवर्नर पीटर इपातास ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में करीब 30 लोगों की जान गई है, जिनमें से 18 शव अब तक निकाले जा चुके हैं। वहीं, पुलिस ने 21 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। अब भी कई लोग लापता हैं और बचाव कार्य लगातार जारी है।
पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा
यह इलाका भूस्खलन की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक रिपोर्ट के अनुसार, मई 2024 में एंगा प्रांत में हुए एक अन्य भूस्खलन में लगभग 670 लोगों की मौत हुई थी। तब भी कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए थे।
राहत कार्य में मुश्किलें
भूस्खलन के कारण सड़कें और संचार व्यवस्था बाधित हो गई हैं, जिससे राहत कार्य में देरी हो रही है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि मशीनरी और आपातकर्मी पहाड़ी इलाकों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन मौसम और भू-भाग बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
पापुआ न्यू गिनी के बारे में जानें
पापुआ न्यू गिनी एक विविधतापूर्ण विकासशील देश है, जहां 800 से अधिक भाषाएं बोली जाती हैं। यहां की जनसंख्या लगभग 10 मिलियन यानी 1 करोड़ है। यह ऑस्ट्रेलिया के बाद दक्षिण प्रशांत का सबसे अधिक आबादी वाला देश है। देश की अधिकांश आबादी खेती और ग्रामीण जीवन पर निर्भर है।
अंतरराष्ट्रीय सहायता की उम्मीद
संयुक्त राष्ट्र और ऑस्ट्रेलियाई एजेंसियां स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। UN मानवीय सलाहकार मेट बैगॉसी ने कहा कि राहत सामग्री और विशेषज्ञ टीमें भेजने की तैयारी की जा रही है।
Keywords: Papua New Guinea Landslide, Papua New Guinea News, Enga Province Landslide 2025, PNG Kokas Village Landslide

