बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बयान से पाकिस्तान बौखला गया है। हाल ही में सऊदी अरब में एक कार्यक्रम के दौरान सलमान खान ने बलूचिस्तान को एक अलग देश के रूप में संबोधित किया था। उनके इस बयान के बाद शहबाज शरीफ सरकार आगबबूला हो गई और अब पाकिस्तान ने आधिकारिक अधिसूचना जारी करते हुए उन्हें आतंकवाद रोधी अधिनियम के तहत आतंकी घोषित कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सलमान खान का नाम चौथी अनुसूची (Fourth Schedule) में शामिल किया है। इस सूची में नाम आने का मतलब है कि संबंधित व्यक्ति पर कट्टरपंथी गतिविधियों में शामिल होने या उन्हें बढ़ावा देने के संदेह में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अब तक न तो सलमान खान और न ही उनकी टीम की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया दी गई है।
सलमान खान ने क्या कहा था?
सऊदी अरब में एक फोरम को संबोधित करते हुए सलमान खान ने कहा था, “ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।”
सलमान के इस बयान पर पाकिस्तान सरकार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। पाकिस्तान का मानना है कि सलमान खान के शब्दों से ऐसा प्रतीत होता है जैसे वे बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग एक स्वतंत्र इकाई के रूप में पेश कर रहे हों। चूंकि बलूचिस्तान में लंबे समय से आजादी के लिए आंदोलन चल रहा है, इसलिए इस बयान ने पाक सरकार की चिंता और गुस्सा दोनों बढ़ा दिए।
बलूच नेताओं की प्रतिक्रिया
जहां एक ओर पाकिस्तान इस बयान से खफा है, वहीं दूसरी ओर बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता सलमान खान के समर्थन में आ गए हैं। उन्होंने सलमान खान का धन्यवाद जताया है और इसे बलूचिस्तान की पहचान को सम्मान देने वाला कदम बताया है। हालांकि यह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि सलमान खान ने यह बात जानबूझकर कही थी या अनजाने में उनके मुंह से यह शब्द निकल गए।
बलूचिस्तान मुद्दा क्या है?
बलूचिस्तान, पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, जो पाकिस्तान के कुल क्षेत्रफल का करीब 46% हिस्सा है, लेकिन यहां की आबादी मात्र 1.5 करोड़ के आसपास है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से बेहद समृद्ध है, लेकिन आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। यहां चीन के निवेश और परियोजनाओं का भी कई समूहों द्वारा विरोध किया जाता है। लंबे समय से यहां स्वतंत्रता की मांग को लेकर हिंसक घटनाएं और विद्रोही गतिविधियां होती रही हैं। सलमान खान के बयान ने अब भारत, पाकिस्तान और बलूचिस्तानतीनों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। पाकिस्तान सरकार का यह कदम आने वाले दिनों में राजनयिक विवाद का कारण भी बन सकता है।
Keywords: Pakistan Government, Balochistan Statement, Terrorist Declaration

