लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उस वक्त हड़कंप मच गया जब यहां काली मिर्च के स्प्रे से लोगों पर हमला किए जाने की खबर सामने आई। मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार एक गुट ने अचानक कई लोगों पर पेपर स्प्रे छिड़कना शुरू कर दिया और फिर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि मल्टी-स्टोरी कार पार्क में सुबह 8 बजकर 11 मिनट पर कई लोगों पर हमले की सूचना मिली थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले से जुड़े एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस ने फिलहाल यह स्पष्ट किया है कि यह किसी तरह का आतंकी हमला नहीं लगता। पेपर स्प्रे की वजह से कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन यह हमला जानलेवा नहीं माना जा रहा है। पुलिस का यह भी कहना है कि हमलावर और पीड़ित एक-दूसरे को जानते हो सकते हैं। संभव है कि दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो, जिसके बाद पेपर स्प्रे से हमला किया गया। घटना के बाद हथियारों से लैस पुलिस बल और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई। वहीं हीथ्रो एयरपोर्ट ने यात्रियों से अपील की है कि वे अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें और अपनी फ्लाइट से जुड़ी जानकारी एयरलाइन से अवश्य जांच लें। घटना के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई थी, हालांकि अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
Keywords: London Heathrow Terminal 3 Chaos, Heathrow Airport Security Incident, London Pepper Spray Attack News

