चीन के वानझोउ इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट (The Intermediate People’s Court of Wenzhou) ने हाल ही में एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अदालत ने म्यांमार के कोक्कांग क्षेत्र से जुड़े कुख्यात मिंग परिवार के 11 सदस्यों को मौत की सजा दी है। इन सभी पर हत्या, धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग, देह व्यापार और अवैध जुए जैसे गंभीर अपराधों के आरोप साबित हुए। सिर्फ यही नहीं, कोर्ट ने पांच अन्य अभियुक्तों को निलंबित मौत की सजा और 12 लोगों को 5 से 24 साल तक की कैद की सजा भी सुनाई। यह मामला इसलिए खास है क्योंकि इसमें पूरा परिवार एक संगठित गिरोह की तरह काम कर रहा था और कई वर्षों से करोड़ों रुपये के काले धंधों में शामिल था।
मिंग फैमिली के गुनाहों की लंबी सूची
यह परिवार अपराध जगत में “मिंग फैमिली गैंग” के नाम से बदनाम था। इनके अपराधों की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि सुनकर कोई भी दंग रह जाए। आरोप है कि इस गैंग ने अवैध कैसिनो, टेलीकॉम फ्रॉड, ड्रग्स की तस्करी, ट्रैफिकिंग और देह व्यापार से करीब 10 बिलियन युआन यानी 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। मीडिया रिपोर्ट बताती है कि चीन में जुआ खेलना गैरकानूनी है, लेकिन इस फैमिली ने सीमा पार अवैध कैसिनो खोलकर इसे मनी लॉन्ड्रिंग और मानव तस्करी के अड्डों में बदल दिया। सबसे खौफनाक पहलू यह था कि यहां काम करने के लिए लोगों को जबरन फंसाया जाता और भागने की कोशिश करने वालों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया जाता।
कैसे हुआ मिंग गैंग का पर्दाफाश
इस अपराध साम्राज्य का अंत अचानक हुआ। दो साल पहले म्यांमार के लौकाई इलाके में विद्रोही गुटों ने मिंग फैमिली के अड्डों पर हमला किया था। इस दौरान गैंग के मुखिया की मौत हो गई और धीरे-धीरे इनके काले कारनामों का पर्दाफाश होने लगा। कई पीड़ितों और गवाहों ने आगे आकर बयान दिए, जिसके बाद चीनी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। झेजियांग अदालत ने इस साल फरवरी में सुनवाई शुरू की और पता चला कि मिंग गैंग ने फर्जी निवेश योजनाओं, ऑनलाइन फिशिंग घोटालों और जबरन वसूली का पूरा नेटवर्क खड़ा कर रखा था।
अदालत का सख्त संदेश और बड़ा सबक
चीन की अदालत का यह फैसला सिर्फ मिंग फैमिली के अपराधों की सजा नहीं, बल्कि संगठित अपराध के खिलाफ सख्त संदेश भी है। जिस तरह पूरा परिवार अपराध की गहरी जड़ों में शामिल था, वह बताता है कि लालच और ताकत के नशे में इंसान किस हद तक गिर सकता है। अदालत ने साफ कर दिया कि चाहे अपराधी कितना भी ताकतवर और प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बचना नामुमकिन है। इस फैसले से उन हजारों परिवारों को भी राहत मिली है, जो मिंग फैमिली के काले धंधों का शिकार हुए थे।
Keywords – China Court Death Sentence, Ming Family Gang, Human Trafficking, Prostitution Racket, Telecom Fraud, Drug Smuggling, Mass Death Penalty, Crime Syndicate

