हांगकांग से लंदन जा रही ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट BA32 में उड़ान भरने के तुरंत बाद 60 वर्षीय महिला यात्री की मौत हो गई। बावजूद इसके, विमान को न तो वापस लाया गया और न ही बीच रास्ते में कहीं उतारा गया। करीब 331 यात्रियों के साथ एयरबस A350-1000 विमान लगभग 13 घंटे तक शव के साथ उड़ता रहा। इस घटना ने यात्रियों को झकझोर दिया, लेकिन एयरलाइन के पीछे एक निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा तर्क काम कर रहा था, जिसे समझना जरूरी है।
पायलट ने जारी रखा उड़ान, इमरजेंसी लैंडिंग की जरूरत नहीं
विमानन नियमों के अनुसार, अगर किसी यात्री की उड़ान में तबीयत अचानक खराब होती है, तो उसे मेडिकल इमरजेंसी मानकर नजदीकी एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया जाता है। लेकिन अगर डॉक्टर या प्रमाणित क्रू सदस्य यह पुष्टि कर दें कि यात्री की मृत्यु हो चुकी है, तो उसे इमरजेंसी लैंडिंग की श्रेणी में नहीं रखा जाता। इसका कारण यह है कि इमरजेंसी लैंडिंग का उद्देश्य जीवन बचाना होता है। चूंकि यात्री पहले ही चल बसे थे, इसलिए लैंडिंग से उनकी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आता। ऐसे में पायलट बाकी यात्रियों के समय और संसाधनों की सुरक्षा के लिए उड़ान को गंतव्य तक जारी रखते हैं।
विमान के पिछले हिस्से में सुरक्षित रूप से रखा शव
महिला के निधन के बाद क्रू मेंबर्स के लिए चुनौती यह थी कि शव को सुरक्षित और सम्मानजनक तरीके से रखा जाए। शुरू में शव को गलियारे में रखने का विचार हुआ, लेकिन यात्रियों की आवाजाही और दृश्यता को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद शव को चादर में लपेटकर विमान के पिछले हिस्से यानी गैलरी एरिया में रखा गया। अक्सर स्थान की कमी के कारण शव को खाली सीटों या क्रू रेस्ट एरिया में रखा जाता है, लेकिन इस फ्लाइट में गैलरी का चयन किया गया, जो चर्चा का विषय बन गया।
अंतरराष्ट्रीय विमानन प्रोटोकॉल में शव रखने का तरीका
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के नियमों के अनुसार, विमान में किसी यात्री की मौत होने पर शव को ऐसे स्थान पर रखा जाना चाहिए जहां यात्रियों की नजर कम पड़े। यदि बिजनेस क्लास में खाली सीट हो, तो शव वहां रखा और ढका जा सकता है। कुछ आधुनिक विमानों में ‘कॉर्प्स कपबोर्ड’ जैसी अलमारी होती है, लेकिन इस फ्लाइट में इसकी सुविधा न होने या परिस्थितियों के कारण शव को गैलरी में रखा गया। पायलट का यह निर्णय तकनीकी रूप से सही माना गया, क्योंकि ईंधन, लैंडिंग शुल्क और अन्य उड़ानों के शेड्यूल को देखते हुए बिना जीवन रक्षक कारण के विमान को मोड़ना एयरलाइन के लिए नुकसानदेह होता है।
Keywords: British Airways Flight Incident, British Airways Flight Incident, Airline Corpse Handling Rules, IATA Aviation Safety Guidelines

