Marco Rubio India Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को भारत दौरे पर कोलकाता पहुंचे। विदेश मंत्री बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा माना जा रहा है। अपने कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने कोलकाता से की है, जिसके बाद वे दिल्ली रवाना होंगे। राजधानी में उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम बैठक तय है, साथ ही वह प्रेस को भी संबोधित कर सकते हैं।
भारत में अमेरिका के विशेष दूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा सहयोग, टेक्नोलॉजी और QUAD जैसे अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।
Secretary Marco Rubio has landed in Kolkata. This is his first trip to India. Later today, we will call on Prime Minister @narendramodi in New Delhi. Trade, Technology, Defense, QUAD, and many other items to discuss and advance over the next few days!
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) May 23, 2026
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का यह भारत दौरा दोनों देशों के बीच पिछले साल से चले आ रहे तनावपूर्ण संबंधों को सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। अपने दौरे के दौरान रुबियो विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ व्यापार, रक्षा और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक तय है। रुबियो नई दिल्ली में आयोजित QUAD देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे, जहां क्षेत्रीय सुरक्षा, इंडो-पैसिफिक रणनीति और आपसी सहयोग को लेकर बातचीत हो सकती है।
भारत दौरे पर व्यस्त रहेंगे रुबियो
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो कोलकाता में कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां उनकी प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात तय है। अगले दिन वह विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ अहम द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और अमेरिकी दूतावास के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भी शामिल होंगे। इसके बाद रुबियो आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे। मंगलवार को वह QUAD देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए फिर दिल्ली लौटेंगे। दौरे को लेकर रुबियो ने कहा कि भारत अमेरिका का अहम साझेदार है और दोनों देश कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
#WATCH | West Bengal: US Ambassador Sergio Gor arrives at the Mother Teresa House Of The Missionaries of Charity in Kolkata. US Secretary of State Marco Rubio will visit here today. pic.twitter.com/3qDYHshAem
— ANI (@ANI) May 23, 2026
भारत-अमेरिका संबंधों पर होगी अहम चर्चा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच होने वाली बैठक में ऊर्जा, व्यापार, निवेश और नई तकनीकों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से बातचीत होने की संभावना है। दोनों देश पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके वैश्विक अर्थव्यवस्था व ऊर्जा सप्लाई पर पड़ने वाले असर पर भी चर्चा कर सकते हैं। रुबियो का यह दौरा विदेश सचिव विक्रम मिसरी की हालिया अमेरिका यात्रा के कुछ सप्ताह बाद हो रहा है, जिसे दोनों देशों के बढ़ते कूटनीतिक संवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
टैरिफ और बयानों से बढ़ी तल्खी
भारत और अमेरिका के रिश्तों में पिछले साल उस समय तनाव बढ़ गया था, जब अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का फैसला किया। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान तनाव को कम कराने में अपनी भूमिका को लेकर कई बयान दिए थे। ट्रंप ने दावा किया था कि उनकी पहल से दोनों देशों के बीच हालात बिगड़ने से रुके, लेकिन भारत सरकार ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया था कि यह पूरी तरह द्विपक्षीय मामला था और इसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी।
रिश्तों को सुधारने की कोशिशें तेज
अमेरिका की नई इमिग्रेशन नीतियों और H1B वीजा शुल्क में बढ़ोतरी को लेकर भारत और अमेरिका के बीच कुछ मुद्दों पर मतभेद देखने को मिले थे। हालांकि हाल के महीनों में दोनों देशों ने रिश्तों को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय कदम उठाए हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच 14 अप्रैल को लंबी फोन वार्ता हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया था।
Keywords: Marco Rubio India Visit, PM Modi Marco Rubio Meeting, India US Relations

