पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मोबाइल नेटवर्क ट्रैकिंग के जरिये आरोपियों को पकड़ा। इसके अलावा, जिस जंगल में वारदात को अंजाम दिया गया था, वहां पुलिस की टीम ने रातभर तलाशी अभियान चलाया।
आखिर क्या है पूरा मामला?
ओडिशा की रहने वाली यह छात्रा शुक्रवार रात अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए बाहर गई थी। लौटते समय तीन युवकों ने रास्ता रोका, और उसका दोस्त मौके से भाग गया। आरोपियों ने छात्रा का फोन छीना, उसे धमकाया और जंगल में ले जाकर दरिंदगी की। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
कॉलेज की सुरक्षा पर उठे सवाल
छात्रा के पिता ने दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने कॉलेज की रेपुटेशन पर भरोसा कर बेटी को पढ़ाई के लिए भेजा था, लेकिन वहां सुरक्षा की कमी है। उन्होंने प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस बीच, पीड़िता का इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है। परिवार ने मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए और कॉलेज परिसर में महिला सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाएं।
विपक्ष का सरकार पर हमला
घटना के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बीजेपी नेताओं ने पश्चिम बर्धमान में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि बंगाल में न तो बच्ची सुरक्षित है, न युवती, न बुजुर्ग महिला। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाया कि राज्य अपराधियों के लिए ‘सुरक्षित ठिकाना’ बन गया है। वहीं, राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की टीम रविवार को दुर्गापुर पहुंच रही है ताकि पीड़िता और उसके परिवार से मुलाकात कर सके। NCW सदस्य अर्चना मजूमदार ने कहा कि राज्य पुलिस महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर संवेदनशील नहीं है, जो बेहद चिंताजनक है।
बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह
यह घटना 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप-मर्डर की याद दिलाती है, जिसने पूरे देश को हिला दिया था। उस मामले में आरोपी को उम्रकैद की सजा हुई, लेकिन लगता है कि सबक नहीं लिया गया। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट के मुताबिक, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में पश्चिम बंगाल देश में चौथे स्थान पर है। 2023 में दर्ज मामलों में सबसे अधिक ‘पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता’, ‘अपहरण’ और ‘बलात्कार’ के मामले थे। लगातार बढ़ते ऐसे अपराध राज्य की कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
Keywords: Durgapur Gangrape, West Bengal Crime, Medical Student Rape, Mamata Banerjee, Women Safety India, NCRB Report

