मथुरा में फरसा वाले बाबा की हत्या के बाद दिल्ली-आगरा हाईवे पर भारी हंगामा देखने को मिल रहा है। गोरक्षक संत चंद्रशेखर, जिन्हें फरसा वाले बाबा के नाम से जाना जाता था, की हत्या के बाद बड़ी संख्या में गौरक्षक हाईवे पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि गुस्साए लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि फरसा वाले बाबा को इलाके में गौतस्करी की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद वे सुबह करीब चार बजे अपनी बाइक से संदिग्धों का पीछा करने निकले। नवीपुर गांव के पास आरोपियों ने उन्हें रोकने के बजाय उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों और गौरक्षकों ने हाईवे पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और कई वाहनों को रोक दिया। इसके चलते दिल्ली-आगरा हाईवे के छाता इलाके में लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ गोरक्षा से जुड़े संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Keywords: Farsa Wale Baba Murder, Mathura Violence, Gau Rakshak Protest, Chandrasekhar Baba Murder, Yogi Adityanath Statement, Cow Smuggling Case India

