Muzaffarpur Hospital Fire: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शहर के ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे अचानक आग लग गई। आग के बाद पूरे आईसीयू में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव अभियान के दौरान 15 मरीजों को बाहर निकाला गया, लेकिन उनमें से तीन की जान नहीं बच सकी। शेष 12 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, आईसीयू में भर्ती कई मरीजों की हालत पहले से गंभीर थी, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना के बाद दमकल और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
ICU में धुएं ने बढ़ाया मौत का खतरा
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अस्पताल के आईसीयू में आग किसी तकनीकी खराबी या बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण लगी हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, बचाए गए कई मरीजों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।
पीड़ित परिवारों के लिए राहत का ऐलान
अस्पताल अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए राज्य सरकार ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी।
मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से चार व्यक्तियों की मृत्यु अत्यंत दुःखद है।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) June 4, 2026
शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस कठिन समय में संबल दें।
मृतकों के परिजनों को अविलंब 4-4 लाख रुपये का अनुग्रह…
दमकल की तेजी से टला बड़ा हादसा
अस्पताल में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू किया गया। राहत कार्य के दौरान दर्जनभर से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि तीन मरीजों की जान नहीं बचाई जा सकी।
जिला प्रशासन ने बताया कि आईसीयू में सीमित क्षमता से अधिक मरीज भर्ती थे। वहां जीवनरक्षक उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक मशीनें लगातार संचालित हो रही थीं। शुरुआती जांच में किसी उपकरण में तकनीकी खराबी या बिजली संबंधी समस्या की संभावना जताई जा रही है। आग के बाद फैले घने धुएं ने मरीजों की स्थिति को और गंभीर बना दिया। फिलहाल सभी मरीजों को दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित कर दिया गया है और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
Keywords: Muzaffarpur Hospital Fire, Prasad Hospital ICU Fire, Bihar Hospital Fire Incident

