भारतीय बॉक्सर्स का जलवा विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स 2025 में देखने को मिला। भारत की तरफ से निकहत जरीन ने महिलाओं के 51 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनका मुकाबला चीनी ताइपे की खिलाड़ी झुआन यी गुओ से था, जिसमें निकहत ने 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। दो बार की वर्ल्ड चैंपियन रह चुकीं निकहत ने लगभग 20 महीनों बाद किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खिताब जीता है। इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। अब तक मिले 20 मेडल में से 10 मेडल महिलाओं ने जीते हैं, जिनमें 7 गोल्ड शामिल हैं। जरीन ने 2023 के बाद पहली बार गोल्ड मेडल जीता है।
अपनी जीत के बाद निकहत जरीन ने कहा, “घरेलू दर्शकों के सामने मैच जीतकर मैं बहुत खुश हूँ। लंबे ब्रेक के बाद मैं अपना सुनहरा सफर फिर से शुरू कर पाई हूँ और उम्मीद है कि आगे भी देश का नाम ऐसे ही रोशन करती रहूँगी। नई दिल्ली में हो रही भारतीय बॉक्सर्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाली महिला खिलाड़ियों में अरुंधति, नूपुर श्योराण, मीनाक्षी हुड्डा, प्रीति पवार और जैस्मिन लेंबोरिया के नाम शामिल हैं।
पुरुषों में सचिन और हितेश ने जीता गोल्ड
महिला बॉक्सर की तरह पुरुष खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीते। सचिन सिवाच ने किर्गिस्तान के मुनारबेक उलु सेइतबेक को 60 किलोग्राम भार वर्ग में 5-0 से हराया। हितेश गूलिया ने कजाखस्तान के नुर्बेक मुरसाल को 70 किलोग्राम वर्ग में 3-2 से मात दी। इसके अलावा जदुमणि सिंह, पवन बर्तवाल, अभिनाश जामवाल और अंकुश फंगल ने सिल्वर मेडल जीता है।
Keywords: Nikhat Zareen Gold, World Boxing Cup 2025, Indian Boxers Success

