भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और क्रिकेट वर्ल्ड के किंग कहे जाने वाले विराट कोहली आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट जगत तक हर कोई उन्हें बधाइयाँ दे रहा है। मैदान पर अपने आक्रामक खेल और फिटनेस के लिए मशहूर विराट की पर्सनल लाइफ भी फैंस के बीच उतनी ही चर्चा में रहती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि विराट कोहली का पसंदीदा गाना कौन सा है? और सबसे दिलचस्प बात यह है कि वो गाना न तो हिंदी में है और न ही पंजाबी में।
विराट का फेवरेट गाना
विराट कोहली की म्यूजिक पसंद थोड़ा अलग है। आईपीएल के दौरान एक चैट सेशन में विराट ने खुद खुलासा किया था कि उन्हें हाल ही में ‘नी सिंगम धन’ गाना बेहद पसंद आया है। ये एक तमिल सॉन्ग है, जिसे मशहूर म्यूज़िक डायरेक्टर ए.आर. रहमान ने कंपोज किया है। यह गाना सिलांबरासन टीआर (Silambarasan TR) की फिल्म Pathu Thala का है। इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि यूट्यूब पर इसे अब तक 114 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। दिलचस्प बात यह रही कि जब विराट ने इस गाने को अपना फेवरेट बताया, तब से इस सॉन्ग की लोकप्रियता और भी बढ़ गई थी।
पंजाबी गानों के भी शौकीन
हालांकि विराट कोहली को सिर्फ तमिल गाने ही नहीं, बल्कि पंजाबी म्यूजिक भी बेहद पसंद है। वे कई बार खुद को गुरदास मान के गानों का दीवाना बता चुके हैं। विराट अक्सर उनके क्लासिक ट्रैक्स को सुनना पसंद करते हैं। इसके अलावा, विराट की पत्नी अनुष्का शर्मा की फिल्मों के गाने भी उनकी लिस्ट में हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें फिल्म रब ने बना दी जोड़ी का मशहूर गाना ‘तुझमें रब दिखता है’ भी बेहद पसंद है, जिसे उन्होंने कई बार खुद गुनगुनाया भी है।
फैमिली मैन विराट
आज विराट कोहली 37 साल के हो चुके हैं। वे अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और दो बच्चों बेटी वामिका और बेटे अकाय के साथ अपनी जिंदगी पूरी तरह खुशहाल तरीके से बिता रहे हैं। क्रिकेट की दुनिया के साथ-साथ विराट अपने शांत और सादगीभरे स्वभाव के लिए भी जाने जाते हैं। विराट कोहली के इस खास दिन पर दुनियाभर के फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। चाहे मैदान पर उनका आक्रामक अंदाज हो या म्यूजिक में उनका सॉफ्ट कॉर्नर किंग कोहली हर मायने में सबसे अलग हैं।
Keywords: Virat Kohli Favourite Song, Virat Kohli Birthday, Tamil Song Nee Singam Dhan, AR Rahman Pathu Thala

