भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में होने वाले संभावित मुकाबले को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हैं। दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के आमने-सामने आने को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) लगातार बैठकों का दौर चला रही है। इस बीच बांग्लादेश से जुड़े विवाद के दौरान पाकिस्तान खुद को उसका बड़ा हमदर्द दिखाने की कोशिश करता नजर आया।
पाकिस्तान ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले बयान दिया था कि वह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा और भारत को छोड़कर बाकी सभी टीमों के खिलाफ मैच खेलेगा। हालांकि अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से रखी गई कुछ मांगों ने सभी को चौंका दिया है।
दरअसल, रविवार को आईसीसी ने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी मौजूद थे। टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में नकवी ने भारत के खिलाफ बॉयकॉट की धमकी वापस लेने के बदले आईसीसी के सामने तीन बड़ी शर्तें रखीं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक मांग ऐसी है, जिसे भारत किसी भी हाल में स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है।
पाकिस्तान की तीन बड़ी मांगें
रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने बॉयकॉट की धमकी खत्म करने के बदले आईसीसी से तीन अहम मांगें की हैं।
पहली मांग टूर्नामेंट के रेवेन्यू में पाकिस्तान के हिस्से को बढ़ाने की है, ताकि उसे हो रहे आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।
दूसरी मांग भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज को फिर से शुरू करने से जुड़ी है।
वहीं तीसरी शर्त टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक (हाथ मिलाने) की परंपरा को दोबारा बहाल करने की है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
इस पूरे विवाद की जड़ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर होने से जुड़ी है। आईपीएल ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन इसके बाद भारत में उनके टूर्नामेंट में खेलने को लेकर आपत्तियां उठने लगीं। बीसीसीआई के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर को टीम से बाहर कर दिया।
इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मुकाबले खेलने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश के इस फैसले के बाद पाकिस्तान ने खुद को उसका समर्थक बताते हुए भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया, जिससे पूरा मामला और ज्यादा तूल पकड़ गया।
Keywords: T20 World Cup 2026, India Vs Pakistan Match, Pakistan ICC Demands, PCB Three Conditions, T20 World Cup Controversy

