भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को 2025 के लिए ‘BBC इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। ये सम्मान उन्हें महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत में उनकी अहम भूमिका के लिए मिला। इस पुरस्कार समारोह में देश भर की कई महिला खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया, लेकिन मंधाना सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहीं। फिलहाल, वह भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेल रही हैं। वो खुद तो समारोह में नहीं पहुंच पाईं, लेकिन वीडियो संदेश भेजकर सबका शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “2025 महिला क्रिकेट के लिए बहुत खास रहा और टीम की जीत में योगदान देना मेरे करियर के सबसे गर्व के लम्हों में से एक है।”
रिकॉर्ड, रन और नई ऊंचाइयों की कहानी
29 साल की बाएं हाथ की बल्लेबाज मंधाना आज महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं। महाराष्ट्र के सांगली में जन्मी स्मृति को क्रिकेट का जुनून उनके पिता और भाई से मिला, जो खुद जिला स्तर पर खेल चुके हैं। सीमित साधनों से शुरू होकर इंटरनेशनल मंच तक पहुंचना, ये उनकी मेहनत और हौसले की कहानी है। महिला वनडे क्रिकेट में उनके नाम सबसे ज्यादा शतक लगाने वालों में दूसरा नंबर है। मौजूदा खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो दुनिया की तीसरी सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उनकी बल्लेबाजी की खासियत सिर्फ तकनीक नहीं है, बल्कि बड़े मैचों में दबाव में भी शानदार खेल दिखाने की काबिलियत है। पिछले कुछ सालों में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को एक अलग पहचान दी है और टीम की रणनीति का अहम हिस्सा बन चुकी हैं।
Smriti Mandhana has been named the BBC Indian Sports Woman of the Year 2025.
— Shajin MS (@SupertrampMS) February 16, 2026
🎥: BBC News#BBCISWOT pic.twitter.com/spKEi7wASH
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक पारी
सितंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी धमाकेदार पारी ने सबका ध्यान खींचा। मंधाना ने सिर्फ 50 गेंदों में शतक ठोक कर 50 ओवर इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी भारतीय (चाहे पुरुष हो या महिला) द्वारा लगाया गया सबसे तेज शतक बना दिया। इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया। ये पारी सिर्फ आंकड़ों के लिहाज से नहीं, बल्कि जज्बे और आक्रामक अंदाज का भी जबरदस्त नमूना थी।
और भी कई खिलाड़ियों को मिला सम्मान
इस समारोह में सिर्फ क्रिकेट नहीं, बाकी खेलों की खिलाड़ियों को भी सराहा गया। युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड मिला। उन्होंने 20 साल की उम्र में FIDE महिला वर्ल्ड कप जीतकर देश का नाम ऊंचा किया। पैरा एथलीट प्रीति पाल को ‘पैरा स्पोर्ट्सवुमन ऑफ द ईयर’ चुना गया। उन्होंने 2024 पेरिस पैरालंपिक में ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में दो कांस्य पदक अपने नाम किए। भारत की पूर्व निशानेबाज अंजली भागवत को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। विजेताओं का चयन जूरी ने किया, जिसमें लिएंडर पेस, दीपा मलिक और अंजू बॉबी जॉर्ज जैसे दिग्गज शामिल थे। इस आयोजन ने फिर साबित किया कि भारतीय महिला खिलाड़ी अब दुनिया के मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना चुकी हैं।
Keywords: BBC Sportswoman Of The Year, Women’S World Cup 2025 India Victory, Indian Women Cricketers Achievements, Divya Deshmukh Emerging Player Of The Year

