आईपीएल फ्रैंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बीसीसीआई के कहने पर बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। इसके बाद से बांग्लादेश में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है और वहां एक के बाद एक कड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बांग्लादेश ने अब एक और बड़ा फैसला लिया है। अब बांग्लादेश के लोग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मैच नहीं देख पाएंगे। बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के टेलीकास्ट पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया है।
गौरतलब है कि पिछले महीने अबूधाबी में हुए मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह मिनी ऑक्शन उस समय हुआ था, जब भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते सामान्य थे। हालांकि, शेख हसीना की सरकार में बदलाव के बाद बांग्लादेश में हालात बिगड़ते चले गए और वहां रहने वाले हिंदुओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ने लगीं। कई जगहों पर हिंदुओं की निर्मम हत्याओं की खबरें भी सामने आईं। इसके बाद भारत में बॉलीवुड हस्तियों, राजनीतिक नेताओं और कथावाचकों ने मुस्तफिजुर रहमान को लेकर विरोध जताया। बढ़ते विरोध के चलते अंततः KKR ने उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया। यही फैसला बांग्लादेश को खटक गया।
बताया जा रहा है कि इस फैसले से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को पत्र लिखकर 2026 टी20 वर्ल्ड कप के मैचों को भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की मांग की थी। बीसीबी का कहना है कि उसे भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा और निष्पक्षता पर भरोसा नहीं है। भारत की तरह बांग्लादेश में भी आईपीएल के बड़े प्रशंसक हैं। ऐसे में बांग्लादेश सरकार के इस फैसले से वहां के क्रिकेट फैंस निराश जरूर होंगे। साथ ही, इस कदम से भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव और बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
Keywords: Bangladesh Bans IPL Telecast, IPL Telecast Ban In Bangladesh, Bangladesh News

