14 साल के वैभव सूर्यवंशी, जो ICC U19 Men’s Cricket World Cup 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के हीरो रहे, ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन की शानदार पारी खेलने के बाद वैभव को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का सम्मान मिला था। अब उन्हें ICC की टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम (Team of the Tournament) में भी जगह मिल गई है। इस टीम का चयन ICC सिलेक्शन पैनल ने किया, जिसमें इयान बिशप, लिडिया ग्रीनवे, एंडी फ्लावर और टेलफोर्ड वाइस जैसे दिग्गज शामिल थे। वैभव सूर्यवंशी के अलावा, भारत के दो और खिलाड़ी कनिष्क चौहान और हेनिल पटे को भी इस प्रतिष्ठित 12 सदस्यीय टीम में स्थान मिला है।
फाइनल में वैभव ने खेली शानदार पारी
फाइनल में वैभव सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण बना। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 175 रन की धमाकेदार पारी ने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई, और वैभव को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का सम्मान मिला। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े। वहीं, कनिष्क चौहान ने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि हेनिल पटेल ने अपनी गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा। पटेल ने कुल 11 विकेट हासिल किए, जिसमें अमेरिका के खिलाफ 5 रन देकर 16 रन पर 5 विकेट लेने का शानदार प्रदर्शन भी शामिल था।
इंग्लैंड का दबदबा और कप्तान थॉमस रेव की चमक
फाइनल में रनरअप रही इंग्लैंड की टीम से भी तीन खिलाड़ियों को इस सर्वश्रेष्ठ XI में जगह मिली है। टीम के कप्तान के रूप में विकेटकीपर-बल्लेबाज थॉमस रेव को चुना गया, जिन्होंने टूर्नामेंट में 330 रन बनाये और औसत 66 रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में उनका शतक उनकी सबसे शानदार पारियों में शामिल रहा। इंग्लैंड के ही मैनी लम्सडन, जिन्होंने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 16 विकेट झटके, और बेन मेयस, जिन्होंने 444 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाए, भी इस विशेष टीम का हिस्सा बने। मेयस ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 191 रन की धमाकेदार पारी खेली थी।
कई देशों के सितारे शामिल
श्रीलंका के विरान चामुदिता को भी इस विशेष टीम में जगह मिली है, जिन्होंने जापान के खिलाफ 192 रन की शानदार पारी खेली थी। अफगानिस्तान के फैसल खान शिनोजादा और नूरिस्तानी ओमरजई ने सेमीफाइनल तक अपनी टीम को पहुंचाने में अहम योगदान दिया। फैसल ने आयरलैंड और भारत के खिलाफ दो लगातार शतक लगाए, जबकि नूरिस्तानी ने 14 विकेट लेकर अपनी गेंदबाजी से दम दिखाया। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक ने भी टूर्नामेंट में दो शतक लगाए। पाकिस्तान के अली रजा और वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर विटेल लॉज ने अपनी गेंदबाजी से टीम में महत्वपूर्ण स्थान बनाया।
ICC U19 वर्ल्ड कप 2026 की टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में इन खिलाड़ियों को जगह मिली है: भारत के वैभव सूर्यवंशी, श्रीलंका के विरान चामुदिता, अफगानिस्तान के फैसल खान शिनोजादा, इंग्लैंड के कप्तान और विकेटकीपर थॉमस रेव, ऑस्ट्रेलिया के ओलिवर पीक, इंग्लैंड के बेन मेयस, भारत के कनिष्क चौहान, अफगानिस्तान के नूरिस्तानी ओमरजई, वेस्टइंडीज के विटेल लॉज, पाकिस्तान के अली रजा, इंग्लैंड के मैनी लम्सडेन और भारत के हेनिल पटेल।
Keywords: Vaibhav Sooryavanshi ICC U19 World Cup, ICC U19 Team Of The Tournament, Best U19 Cricket Players 2026

