मुंबई के पायधुनी इलाके में रविवार को फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, परिवार ने पहले बिरयानी खाई और बाद में तरबूज का सेवन किया था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मृतकों में अब्दुल्ला डोकाडिया (40), नसरीन डोकाडिया (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) शामिल हैं।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
मृतकों के परिवार के एक सदस्य ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सभी लोगों ने पहले साथ में बिरयानी खाई थी और उसके बाद तरबूज का सेवन किया था। खाना खाने के कुछ ही समय बाद परिवार के सभी सदस्यों को उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगड़ते देख परिजन उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद इलाज के दौरान एक-एक कर चारों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फूड पॉइजनिंग का पूरा घटनाक्रम
25 अप्रैल की रात परिवार ने अपने पांच अन्य रिश्तेदारों के साथ करीब 10:30 बजे खाना खाया था, जिसके बाद सभी अपने घर लौट गए। इसके बाद रात 1:00 से 1:30 बजे के बीच चारों प्रभावित सदस्यों ने तरबूज खाया। रविवार सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर वे पहले फैमिली डॉक्टर के पास गए और फिर जे.जे. अस्पताल रेफर किए गए। अस्पताल में सुबह 10:15 बजे छोटी बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के मुखिया अब्दुल्ला डोकाडिया ने रविवार रात करीब 10:30 बजे अंतिम सांस ली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस के अनुसार, मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल पायधुनी पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
Keywords: Mumbai Food Poisoning Case, Biryani Watermelon Poisoning, Postmortem Report Investigation

