भारतीय सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना का स्टारडम ऐसा था, जैसा किसी और ने शायद ही देखा हो। उनके दीवानों की संख्या इतनी थी कि कभी-कभी हालात संभालना मुश्किल हो जाता था। ऐसा ही एक वाकया पुणे में हुआ था, जब उनकी एक फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरा शहर थम गया था।
गाड़ी के टायर से लटक गई थी लड़कियां
यह घटना तब की है जब राजेश खन्ना पुणे में निर्देशक शक्ति सामंत की एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। जैसे ही लोगों को खबर मिली कि काका शहर में हैं, हजारों फैंस सेट की ओर उमड़ पड़े। सड़कों पर इतनी भीड़ लग गई कि सात घंटे तक पूरा शहर जाम में फंसा रहा। कई लड़कियां तो उनकी कार के टायर से लटक गईं ताकि सिर्फ एक झलक पा सकें। हालात इतने बेकाबू हो गए कि पैरामिलिट्री फोर्स को बुलाना पड़ा ताकि राजेश खन्ना को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
डायरेक्टर का गुस्सा
इस घटना का ज़िक्र 70 के दशक के मशहूर चाइल्ड आर्टिस्ट और अब एक्टर-डायरेक्टर सत्यजीत पुरी ने किया है। उन्होंने बताया कि उस दिन राजेश खन्ना का कॉल टाइम दोपहर 2 बजे का था, लेकिन वे रात 8 बजे सेट पर पहुंचे। निर्देशक शक्ति सामंत बेहद नाराज़ हुए और बोले, “क्या काका, अब तू बड़ा स्टार बन गया है क्या?”तभी राजेश खन्ना ने कहा, “पहले मेरे ड्राइवर से पूछिए क्या हुआ।” ड्राइवर ने बताया कि वे दोपहर 12:30 बजे ही पुणे पहुंच गए थे, लेकिन फैंस की भीड़ इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी हिल भी नहीं पा रही थी। 12:30 से 7:30 बजे तक वे उसी ट्रैफिक में फंसे रहे। तभी पैरामिलिट्री फोर्स आई और किसी तरह रास्ता खाली करवाया गया। राजेश खन्ना ने हंसते हुए कहा था , “मैं तो खुशकिस्मत हूं कि 8 बजे पहुंच गया, वरना आधी रात से पहले नहीं आ पाता।”
राजेश खन्ना की लोकप्रियता
60 और 70 के दशक में राजेश खन्ना की दीवानगी चरम पर थी। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग घंटों इंतजार करते, दीवारों पर उनके नाम से खत लिखते और उनकी फिल्मों के पोस्टर पर तकिया रखकर सोते थे। आज भी जब किसी स्टार के स्टारडम की चर्चा होती है, तो उनकी तुलना सबसे पहले काका से ही की जाती है।
अंतिम संस्कार में उमड़ी ऐसी भीड़
साल 2012 में राजेश खन्ना का निधन हुआ। वे लंबे समय से लीवर इन्फेक्शन से जूझ रहे थे। जब उनका अंतिम संस्कार किया गया, तो मुंबई की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।
राजेश खन्ना भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका स्टारडम, उनकी मोहब्बत और उनका जादू आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे चमकदार कहानी बनकर याद किया जाता है।
Keywords: Rajesh Khanna, Superstar, Paramilitary Force, Pune Shooting, Fan Frenzy, Bollywood, Shakti Samanta, Indian Cinema

