भारतीय सिनेमा के महानायक और लाखों दिलों के थलाइवा’ रजनीकांत को लेकर एक बड़ी चर्चा चल रही है क्या वे जल्द ही अपने फिल्मी करियर से संन्यास लेने की तैयारी कर रहे हैं? मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सुपरस्टार रजनीकांत आने वाले वर्षों में सिनेमा को अलविदा कह सकते हैं।
75 की उम्र में भी फिल्म सेट पर सक्रिय
रजनीकांत इस वक्त 75 साल के हैं, लेकिन अब भी लगातार शूटिंग में व्यस्त हैं। उनकी लोकप्रियता और ऊर्जा आज भी पहले जैसी बरकरार है। हालांकि, बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य को लेकर चिंताओं के चलते अब उनके रिटायरमेंट की अटकलें तेज़ हो गई हैं। रजनीकांत इस समय निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की फिल्म ‘जेलर 2’ की शूटिंग कर रहे हैं। यह उनकी पिछली ब्लॉकबस्टर ‘जेलर’ का सीक्वल है, जो अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज़ होने की उम्मीद है। यह फिल्म रजनीकांत के करियर की सबसे बड़ी एक्शन फिल्मों में से एक बताई जा रही है।
कमल हासन संग 2027 में शुरू होगा मेगा प्रोजेक्ट
तमिल सिनेमा के दो दिग्गज रजनीकांत और कमल हासन करीब चार दशक बाद एक बार फिर साथ नज़र आने वाले हैं। यह मल्टीस्टारर फिल्म 2027 में फ्लोर पर जाने की योजना में है। खबरों के अनुसार, इस फिल्म का निर्माण कमल हासन की राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल (RKFI) द्वारा किया जाएगा। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि फिल्म का निर्देशन कौन करेगा, लेकिन नेल्सन दिलीपकुमार का नाम चर्चा में है।
आखिरी फिल्म हो सकती है कमल हासन के साथ?
कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह रजनीकांत की अंतिम फिल्म हो सकती है। कहा जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट के बाद वे अपने अभिनय करियर को अलविदा कह देंगे और आधिकारिक रूप से सिनेमाई संन्यास की घोषणा करेंगे। हालांकि अभी तक रजनीकांत या उनकी टीम की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चार फिल्में पाइपलाइन में
‘कुली’ के बाद रजनीकांत की झोली में फिलहाल चार फिल्में हैं , ‘जेलर 2’ (निर्देशक: नेल्सन दिलीपकुमार), आर.के.एफ.आई प्रोजेक्ट कमल हासन के साथ सुंदर सी के निर्देशन में एक नई फिल्म , साजिद नाडियाडवाला के साथ एक हिंदी-तमिल प्रोजेक्ट इन चार फिल्मों को पूरा करने के बाद ही रजनीकांत के रिटायरमेंट की घोषणा होने की संभावना जताई जा रही है।
सम्मान और उपलब्धियां
रजनीकांत को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए कई बड़े सम्मान मिले हैं, पद्म भूषण (2000) पद्म विभूषण (2016), दादा साहब फाल्के पुरस्कार (2019) इसके अलावा उन्हें एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, सात तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार, एक नंदी पुरस्कार, और फिल्मफेयर पुरस्कार से भी नवाज़ा जा चुका है।
हालांकि रजनीकांत के संन्यास को लेकर खबरें चर्चा में हैं, लेकिन कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। फिर भी, अगर ये रिपोर्ट्स सच साबित होती हैं, तो कमल हासन के साथ उनकी अगली फिल्म न सिर्फ एक सिनेमा माइलस्टोन होगी बल्कि थलाइवा के शानदार करियर का स्वर्णिम समापन भी मानी जाएगी।
Keywords: Rajinikanth Retirement, Kamal Haasan Movie, Jailer 2 Sequel, Tamil Cinema News

