तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी राजा सिंह एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने औरंगज़ेब की कब्र को लेकर एक विवादित बयान दिया है, जिसके बाद हंगामा मचना शुरू हो गया है। दरअसल, टी राजा सिंह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में हिंदू राष्ट्र जागृति सभा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में आए थे। वहां पर अपनी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस से मांग कि, औरंगज़ेब की कब्र को हटाकर वहां पर टॉयलेट बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर साल 6 लाख रुपये उसके रखरखाव में खर्च होते हैं, जो ठीक नहीं है।
जिस शख्स ने संभाजी की निर्ममता से हत्या की थी, उसकी कब्र के लिए इतने ज्यादा पैसे खर्च करना ठीक नहीं है। टी राजा सिंह ने तीखे और विवादित बयान देते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि नेताओं को स्पष्ट रूप से हिंदुत्व की विचारधारा पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसे गंवाना नहीं चाहिए, और इसी दिशा में नेतृत्व करते हुए आगे बढ़ना जरूरी है।
अपने बयान को और आक्रामक बनाते हुए उन्होंने औरंगज़ेब की कब्र को लेकर भी टिप्पणी की और उसे हटाने की बात कही। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर इस कदम को उठाने में किस बात का डर है। उन्होंने समर्थकों से अपील करते हुए कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो बड़ी संख्या में लोग जुटाए जाएंगे और इस मुद्दे पर आंदोलन किया जाएगा।
कब्र को हटाकर दम लेंगे।
टी राजा सिंह ने अपने बयान को आगे बढ़ाते हुए कहा कि जब तक संबंधित कब्र पूरी तरह हट नहीं जाती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की और दावा किया कि देश के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी की जा रही हैं।
हालांकि, उनके इस बयान में कई संवेदनशील और विवादित टिप्पणियां भी शामिल रहीं, जिनमें उन्होंने सामाजिक मुद्दों का जिक्र करते हुए चिंता जताई। इस तरह के बयानों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है, और इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
Keywords: T Raja Singh Statement, Aurangzeb Tomb Controversy, Devendra Fadnavis, T Raja Singh Demand Toilet

