जब भी हमारा मेडिकल रिपोर्ट हमारे हाथ में आता है, हम सबसे पहले कोलेस्ट्रॉल देखते है। LDL (Low-Density Lipoprotein) और HDL (High-Density Lipoprotein) ठीक मिले, तो मानो चिंता ही खत्म हो गई। लेकिन सच्चाई यह है कि दिल की सेहत सिर्फ कोलेस्ट्रॉल से तय नहीं होती। हृदय के रोग सिर्फ एक वजह से नहीं, बल्कि कई चीजें मिलकर खतरा बढ़ाती हैं जैसे सूजन, ब्लड शुगर, हार्मोन में बदलाव, जेनेटिक कारण और आपकी लाइफस्टाइल। इसलिए कई बार ऐसा भी होता है कि कोलेस्ट्रॉल बिलकुल सही है, फिर भी हार्ट अटैक आ जाता है, और हैरानी की बात, शरीर कोई चेतावनी भी नहीं देता।
सर्दियों में हार्ट अटैक का खतरा क्यों बढ़ जाता है
आपने अकसर देखा होगा, ठंड आते ही दिल के मरीजों के केस अचानक बढ़ जाते हैं। कई इंटरनेशनल स्टडीज में भी यह बात सामने आई है, बहुत ठंडा मौसम या अचानक आई ठंडी लहरें दिल पर ज्यादा प्रेशर डालती हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर खुद को गर्म रखने के लिए नसों को सिकोड़ लेता है, जिससे दिल तक खून और ऑक्सीजन कम पहुंचती है। यही वजह है कि ठंड शुरू होने के बाद कुछ ही दिनों में हार्ट अटैक के केस सबसे ज्यादा देखने को मिलते हैं। त्योहारों और न्यू ईयर के आसपास ये केसेस इसी वजह से बढ़ते है।
ठंड, लाइफस्टाइल और शरीर की अंदरूनी कहानी
सर्दियों में लोग कम चलते-फिरते हैं, पसीना कम आता है और शरीर में खून की मात्रा भी बढ़ जाती है। इससे ब्लड प्रेशर और हार्टबीट पर असर पड़ता है। साथ ही, ठंड में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है और लोग तली-भुनी, मीठी और ज्यादा कैलोरी वाली चीजें खाने लगते हैं। वजन बढ़ना, कोलेस्ट्रॉल असंतुलन और ब्लड शुगर का बढ़ना, ये सब मिलकर दिल के लिए खतरा खड़ा कर देते हैं।
सिर्फ छाती में दर्द नहीं है हार्ट अटैक के लक्षण
हार्ट अटैक को लेकर सबसे बड़ा भ्रम यही है कि इसमें ज़रूर छाती में तेज़ दर्द होगा। लेकिन असल में कई मामलों में लक्षण बहुत हल्के या अलग भी हो सकते हैं। जैसे सीने में दबाव या जलन, दर्द का बाएं हाथ या जबड़े तक जाना, अचानक पसीना आना, घबराहट, चक्कर आना या बिना वजह सांस फूलना, ये सब भी संकेत हो सकते हैं। खासतौर पर युवाओं में “साइलेंट” लक्षण ज़्यादा देखे जा रहे हैं, जिन्हें लोग थकान या गैस समझकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं।
युवाओं में भी बढ़ रहा है दिल का खतरा
अब हालात ये हैं कि हार्ट अटैक सिर्फ बुजुर्गों की बीमारी नहीं रही। इंडिया की नई रिसर्च बताती है, 40 या 50 साल से कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। जिसकी वजहें हैं तनाव, गलत नींद, स्मोकिंग, शराब, जंक फूड और कम शारीरिक एक्टिविटी। हैरानी की बात यह है कि कई युवा बाहर से फिट दिखते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर उनकी धमनियों में दिक्कतें शुरू हो चुकी होती हैं।
कोलेस्ट्रॉल के अलावा कौन से “साइलेंट फैक्टर्स” हैं?
डॉक्टर कहते हैं कि दिल के खतरे को समझने के लिए कुछ खास टेस्ट भी जरूरी हैं जैसे;
- ApoB: यह खराब कोलेस्ट्रॉल के कणों की असली गिनती बताता है।
- Lipoprotein(a): यह जेनेटिक है और खास तौर पर साउथ एशियन लोगों में ज्यादा पाया जाता है।
- HbA1c: यह लंबे समय की ब्लड शुगर का पता देता है और दिल के खतरे से जुड़ा है।
- hs-CRP: यह धमनियों में सूजन की तरफ इशारा करता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।
दिल के खतरे को पहले कैसे पहचानें?
आजकल मेडिकल साइंस के पास ऐसे कई तरीके हैं जिनसे पता चल सकता है कि आगे चलकर दिल का खतरा कितना है। Framingham Risk Score अगले 10 साल में हार्ट अटैक की संभावना बताता है। Coronary Artery Calcium Score CT स्कैन के जरिए धमनियों में जमा कैल्शियम दिखाता है। इसके अलावा ECG, Echo और TMT जैसी जांचें भी शुरूआती लेवल पर दिक्कतें पकड़ सकती हैं। एक्सपर्ट्स की सलाह देते है कि 30-35 की उम्र के बाद ये जांचें जरूर करवाएं, नजरअंदाज न करें।
सर्दियों में दिल की सुरक्षा के आसान उपाय
सर्दियों में दिल का ध्यान रखना उतना मुश्किल नहीं जितना लगता है, बस थोड़ी समझदारी चाहिए। हर दिन हल्की-फुल्की एक्सरसाइज या टहलना, कम नमक और कम तली चीजें, बैलेंस्ड डाइट और पूरी नींद, ये सब बेहद जरूरी हैं। तनाव कम करने के लिए योग, मेडिटेशन या जो पसंद हो उसमें वक्त बिताएं। ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की रेगुलर जांच करवाएं और किसी भी अनजाने लक्षण को नजरअंदाज न करें। वक्त रहते सतर्क रहना ही दिल को बड़ी मुसीबत से बचा सकता है।
Keywords: Heart Attack Risk, Winter Heart Health, Cholesterol Myths, Silent Heart Attack Signs, Cardiovascular Risk Factors

