दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व नजदीक आते ही देशभर में यात्रियों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी होती है। खासकर गुजरात से पूर्वी भारत जाने वाली ट्रेनों में भीड़ कई गुना बढ़ जाती है। पश्चिम रेलवे ने अनुमान लगाया है कि इस बार उधना स्टेशन पर पैसेंजर फुटफॉल रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचेगा। इस भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए रेलवे ने फैसला किया है कि कई ट्रेनों के ठहराव, जो सूरत स्टेशन पर स्टेशन पुनर्विकास कार्य के चलते अस्थायी रूप से बंद किए गए थे, अब फिर से बहाल किए जाएंगे।
सूरत स्टेशन पर बहाल होंगे 25 अप और 25 डाउन ट्रेनें
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने जानकारी दी कि 10 अक्टूबर 2025 से सूरत स्टेशन पर कई अहम ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाएगा। इसमें अहमदाबाद, ओखा, गांधीनगर, राजकोट, एकता नगर और जोधपुर जैसे शहरों से चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
इनमें नवजीवन एक्सप्रेस, अहमदाबाद–हावड़ा सुपरफास्ट, ओखा–पुरी एक्सप्रेस, गोधरा–पुरी सुपरफास्ट, एेकता नगर–वाराणसी महामना एक्सप्रेस, जोधपुर–तंबरम सुपरफास्ट जैसी लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनें भी हैं। इसी तरह डाउन दिशा से आने वाली ट्रेनों—जैसे पुरी–अहमदाबाद, हावड़ा–अहमदाबाद, संतरागाछी–पोरबंदर कविगुरु एक्सप्रेस, शालीमार–ओखा सुपरफास्ट—का ठहराव भी सूरत पर बहाल किया जाएगा।
इस कदम से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी जो स्टेशन विकास कार्य के दौरान ठहराव न मिलने के कारण परेशान हो रहे थे।
अब उधना के बजाय सूरत से चलेगी कुछ स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह भी तय किया है कि कुछ ट्रेनों की शुरुआत और समापन अब उधना के बजाय सीधे सूरत से होगा। इसमें सूरत–पुरी सुपरफास्ट, सूरत–छपरा क्लोन स्पेशल, सूरत–अमरावती सुपरफास्ट और सूरत–मालदा टाउन एक्सप्रेस शामिल हैं। वहीं, वापसी में पुरी–सूरत सुपरफास्ट, मालदा टाउन–सूरत साप्ताहिक एक्सप्रेस और छपरा–सूरत क्लोन स्पेशल का समापन भी सूरत पर ही होगा।
रेलवे का मानना है कि इससे उधना पर दबाव कम होगा और यात्रियों को टिकटिंग, चढ़ने-उतरने और प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में आसानी होगी।
यात्रियों को मिलेगा त्योहार पर बड़ा फायदा
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी टिकट की उपलब्धता और ट्रेनों की सुविधा होती है। सूरत और उधना, दोनों स्टेशन गुजरात और आसपास के क्षेत्रों से बिहार, झारखंड, ओडिशा, बंगाल और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए बेहद अहम हैं। रेलवे का यह कदम उन हजारों परिवारों के लिए राहत लेकर आएगा जो हर साल त्योहारों पर अपने घर लौटने के लिए लंबा इंतजार करते हैं।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सफर से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी, समय और ठहराव की पुष्टि के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.enquiry.indianrail.gov.in पर अवश्य जाएं।
Keywords – Western Railway, Surat Station Train Halt, Udhna Station, Festival Special Trains, Surat Train Updates, Indian Railways Festive Season

