बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान 17 साल बाद लंदन से ढाका पहुंचे हैं। उनकी वापसी से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश देखने को मिल रहा है और बांग्लादेश की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है। इसे बीएनपी की ओर से 2026 के चुनाव की तैयारी के रूप में भी देखा जा रहा है।
इस दौरान तारिक रहमान ने बांग्लादेश में फैली हिंसा को लेकर कहा कि देश को एक नए बांग्लादेश की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब वह समय आ गया है जब हिंदू, बौद्ध, ईसाई और मुस्लिम सभी समुदायों को मिलकर एक नया बांग्लादेश बनाना होगा।
मार्टिन लूथर किंग का किया जिक्र
तारिक रहमान ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए शेख हसीना सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने छात्र नेता उस्मान हादी का भी उल्लेख किया, जिन्हें 12 दिसंबर को गोली मारी गई थी और बीते गुरुवार को उनकी मौत हो गई।
तारिक रहमान ने कहा कि शेख हसीना के 15 साल के शासन में कोई भी व्यक्ति खुलकर अपनी बात नहीं कह सका। उन्होंने उस्मान हादी को 2024 के आंदोलन का नेता बताते हुए कहा कि उनकी हत्या कर दी गई। तारिक रहमान ने उन्हें एक बहादुर नेता बताया।
उन्होंने आगे कहा कि अब देश की कमान युवा पीढ़ी संभालेगी। तारिक रहमान ने कहा कि वे बांग्लादेश में शांति और स्थिरता चाहते हैं। उन्होंने मार्टिन लूथर किंग का हवाला देते हुए कहा, मार्टिन लूथर किंग ने कहा था, ‘आई हैव ए ड्रीम’। आज मैं कहना चाहता हूं कि मेरे पास एक योजना है— अपने देश के लोगों के लिए और बांग्लादेश के भविष्य के लिए।”
सड़क पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
तारिक रहमान 300 फीट रोड, जिसे 36 जुलाई एक्सप्रेसवे भी कहा जाता है, स्थित कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। समर्थकों की भारी भीड़ के कारण उन्हें हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे, जबकि यह दूरी केवल लगभग छह किलोमीटर है। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उनका संबोधन शुरू हो गया।
Keywords: Tarique Rahman, BNP, Bangladesh Politics, Tarique Rahman Return, Bangladesh Election 2026, New Bangladesh

