मशहूर प्लेबैक सिंगर सोनू निगम एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह है उनका श्रीनगर में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट, जिसे उन्होंने अजान के दौरान कुछ मिनटों के लिए रोक दिया। उनका यह कदम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया जहां एक तरफ लोगों ने उनकी संवेदनशीलता और धार्मिक सम्मान की सराहना की, वहीं दूसरी तरफ उनके 2017 के विवादित ट्वीट्स को लेकर पुरानी बहस फिर से सामने आ गई।
खाली थी सीटें
ख़बरों के मुताबिक, सोनू निगम का यह श्रीनगर में पहला बड़ा शो था, जो डल झील के पास स्थित इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में आयोजित किया गया था। हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम में उम्मीद से कहीं कम दर्शक पहुंचे। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर हुए बहिष्कार अभियान की वजह से कई सीटें खाली रह गईं। स्थानीय लोगों को लगा था कि पूरा हॉल भरा रहेगा, लेकिन ज्यादातर कुर्सियां खाली थी। लोग शायद उनके पुराने बयान के कारण कार्यक्रम में नहीं आए।
अजान के दौरान रोक दिया कॉन्सर्ट
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में देखा गया कि जैसे ही अजान शुरू होने वाली थी, सोनू निगम ने अपने बैंड की ओर देखकर कहा, “कृपया मुझे दो मिनट दीजिए, यहां अजान शुरू होने वाली है।”
उनकी यह बात सुनते ही दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। सोनू ने पूरे सम्मान के साथ कुछ समय के लिए प्रदर्शन रोक दिया और अजान समाप्त होते ही दोबारा गाना शुरू किया।
2017 का पुराना विवाद फिर चर्चा में
साल 2017 में सोनू निगम ने ट्विटर (X) पर कुछ ऐसे ट्वीट किए थे, जिन्होंने उन्हें विवादों में ला दिया था। उन्होंने लाउडस्पीकर से अजान की आवाज को लेकर लिखा था कि , “भगवान सबका भला करे। मैं मुस्लिम नहीं हूं, लेकिन हर सुबह अजान की आवाज से जगाया जाता हूं। यह जबरन धार्मिकता कब खत्म होगी?”
इसके बाद उन्होंने एक और ट्वीट में कहा था कि ,
“जब इस्लाम बना था तब मोहम्मद साहब के पास बिजली नहीं थी। तो अब एडिसन के बाद यह शोर क्यों? कोई मंदिर या गुरुद्वारा भी बिजली से किसी को नहीं जगाता। यह तो गुंडागर्दी है।”
इमेज सुधारने की कोशिश ?
इन बयानों को लेकर उन्हें जबरदस्त आलोचना झेलनी पड़ी थी। कई धार्मिक संगठनों और सोशल मीडिया यूज़र्स ने उनके खिलाफ कड़ी नाराज़गी जताई थी। हालांकि बाद में सोनू ने कहा था कि उनका मकसद किसी धर्म का अपमान करना नहीं था, बल्कि सार्वजनिक स्थलों पर शोर नियंत्रण की बात उठाना था। अब जब श्रीनगर में उन्होंने अजान के सम्मान में कॉन्सर्ट रोका, तो बहुत से लोगों ने उनके इस बात और रवैये की तारीफ की। वहीं कुछ लोगों ने पुराने विवाद को फिर से उछालते हुए कहा कि “यह केवल इमेज सुधारने की कोशिश है।”
लगातार विवादों के बावजूद सोनू निगम देश के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित गायकों में से एक बने हुए हैं। उन्होंने अपने करियर में अनगिनत हिट गाने दिए हैं जो आज भी लोगों की जुबां पर हैं। हालांकि श्रीनगर कॉन्सर्ट में दर्शकों की संख्या कम रही, लेकिन जिन्होंने कार्यक्रम में हिस्सा लिया, वे सोनू की गायकी और संवेदनशीलता दोनों से प्रभावित दिखे।
Keywords: Sonu Nigam Concert, Azaan Controversy, Srinagar Event, Social Media Reaction

