पंजाब में लगातार बारिश और नदियों के उफान से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। राज्य के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि अमृतसर और रूपनगर जिलों में बीते 24 घंटे में तीन और लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है, जबकि पठानकोट जिले में तीन लोग अब भी लापता हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, 22 जिलों के 1,996 गांव प्रभावित हुए हैं और करीब 3.87 लाख की आबादी बाढ़ से जूझ रही है।
हजारों लोगों की जिंदगी हुई प्रभावित
पिछले 24 घंटे में 48 नए गांव बाढ़ की चपेट में आए, जिससे 2,691 लोगों की जिंदगी प्रभावित हुई और 2,131 हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गईं। अब तक 18 जिलों में कुल 1.74 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है। जालंधर में सबसे ज्यादा 19 गांव प्रभावित हुए, जबकि लुधियाना में 13, फिरोजपुर में 6, अमृतसर में 5, होशियारपुर में 4 और फाजिल्का में एक गांव पर बाढ़ का असर देखा गया। इससे किसानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है, क्योंकि खरीफ सीजन की फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं।
राज्य सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों को किया तेज
राज्य सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज किया है। पिछले 24 घंटे में 925 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिससे अब तक कुल 22,854 लोगों को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों से निकाला जा चुका है। वर्तमान में 139 राहत शिविर सक्रिय हैं, जिनमें 6,121 लोग ठहरे हुए हैं। बाढ़ की शुरुआत से अब तक 219 शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में भोजन, पानी और चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को अस्थायी सहारा मिल सके।
सेना और एनडीआरएफ की अहम् भूमिका
बचाव कार्यों में केंद्र और राज्य की कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। 23 एनडीआरएफ टीमें अमृतसर, फाजिल्का, गुरदासपुर, फिरोजपुर, जालंधर, होशियारपुर, पटियाला, लुधियाना, पठानकोट और रूपनगर में राहत कार्यों में लगी हुई हैं। कपूरथला में 2 एसडीआरएफ टीमें सक्रिय हैं। सेना की 27 कॉलम और 7 इंजीनियर टास्क फोर्स लगातार प्रभावित इलाकों में मदद कर रही हैं। इसके अलावा, वायुसेना और सेना के 9 हेलिकॉप्टर, बीएसएफ की यूनिट और 158 नावों के साथ एक राज्य सरकार का हेलिकॉप्टर भी राहत और बचाव कार्यों में लगाया गया।
Keywords – Punjab Floods 2025, Punjab Flood Death Toll, Pathankot Missing Persons, Punjab Villages Affected, NDRF Rescue Punjab, Punjab Flood Relief Camps

