मदर डेयरी ने मंगलवार को अपने यूएचटी मिल्क (टेट्रा पैक) की कीमतों में 2 रुपये की कटौती का ऐलान किया। यह फैसला हाल ही में जीएसटी काउंसिल द्वारा डेयरी और प्रोसेस्ड फूड्स पर टैक्स घटाकर शून्य करने के बाद लिया गया। कंपनी ने कहा कि 22 सितंबर 2025 से नई दरें लागू होंगी और ग्राहकों को 100% टैक्स लाभ दिया जाएगा। मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने कहा कि यह कदम न केवल उपभोक्ताओं को राहत देगा, बल्कि सुरक्षित और हाई-क्वालिटी पैकेज्ड उत्पादों के उपयोग को भी बढ़ावा देगा। इसके साथ ही कंपनी का लगभग पूरा पोर्टफोलियो अब या तो जीरो टैक्स या न्यूनतम 5% टैक्स स्लैब में आ जाएगा।
दूध और पनीर की नई कीमतें
नई मूल्य सूची के अनुसार, अब यूएचटी टोन्ड दूध (1 लीटर टेट्रा पैक) 77 रुपये की बजाय 75 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, 450 मिली का यूएचटी डबल टोन्ड दूध 33 रुपये से घटकर 32 रुपये हो गया है। पनीर कैटेगरी में भी कमी की गई है। 200 ग्राम पैक की कीमत अब 92 रुपये (पहले 95 रुपये) और 400 ग्राम पैक 174 रुपये (पहले 180 रुपये) का मिलेगा। मलाई पनीर का 200 ग्राम पैक 100 रुपये से घटकर 97 रुपये में मिलेगा। इन बदलावों से खासतौर पर मिडिल क्लास और रेगुलर डेयरी कंज्यूमर्स को राहत मिलने वाली है।
मक्खन, मिल्कशेक और घी पर भी असर
मक्खन की कीमतों में भी बड़ी कटौती हुई है। 500 ग्राम पैक अब 305 रुपये की बजाय 285 रुपये में और 100 ग्राम पैक 62 रुपये से घटकर 58 रुपये में मिलेगा। वहीं, बच्चों और युवाओं के पसंदीदा मिल्कशेक (स्ट्रॉबेरी, चॉकलेट, आम और रबड़ी फ्लेवर) का 180 मिली पैक अब 30 रुपये से घटकर 28 रुपये में मिलेगा। घी की कीमतों में भी स्पष्ट बदलाव किया गया है। घी कार्टन पैक और पाउच (1 लीटर) की कीमतें 675 रुपये से घटाकर 645 रुपये कर दी गई हैं, जबकि टिन पैक 750 रुपये से घटकर 720 रुपये हो गया है। इसके अलावा, 500 मिली गाय का घी जार अब 380 रुपये की बजाय 365 रुपये में मिलेगा। हालांकि, प्रीमियम गिर गाय घी में केवल मामूली कटौती की गई है।
पाउच दूध की कीमतें जस की तस
कंपनी ने यह भी साफ किया है कि पाउच दूध, जैसे फुल क्रीम, टोंड और गाय का दूध, की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। इन उत्पादों पर पहले से ही जीएसटी लागू नहीं था और आगे भी टैक्स नहीं लगेगा। इसलिए इनके दाम स्थिर रहेंगे। कुछ दिन पहले अमूल ने भी यही स्पष्ट किया था कि पाउच दूध की कीमतें घटाई नहीं जाएंगी क्योंकि इस पर पहले से शून्य प्रतिशत जीएसटी लागू है। इसका सीधा मतलब है कि उपभोक्ताओं को राहत मुख्य रूप से पैकेज्ड और वैल्यू-ऐडेड डेयरी प्रोडक्ट्स में मिलेगी। इस कदम से उम्मीद है कि ब्रांडेड डेयरी उत्पादों की खपत में तेजी आएगी और उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प मिलेंगे।
Keywords – Mother Dairy Price Cut, UHT milk GST Cut, Dairy Products New Prices, Mother Dairy UHT Milk, Paneer Price Reduction, Packaged Dairy Products, GST On Dairy Products, Amul Milk Prices

