मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जो चर्चा का विषय बन गया है। दरअसल, मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन की कमान छोड़कर उसे ममता बनर्जी, एम. के. स्टालिन और अखिलेश यादव को सौंपने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इससे गठबंधन को मजबूती मिलेगी और ये नेता उसे अधिक समय दे सकेंगे।
मणिशंकर अय्यर का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब इंडिया गठबंधन में राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जाता है कि ममता बनर्जी इंडिया गठबंधन में उतनी रुचि नहीं लेती हैं। वहीं, अखिलेश यादव भी राहुल गांधी को खास तवज्जो नहीं देते हैं। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंडियन यूथ कांग्रेस के भारत मंडपम प्रोटेस्ट को अखिलेश यादव ने गलत बताया था। ऐसे में मणिशंकर अय्यर का यह बयान अपने आप में बड़ी बात मानी जा रही है।
बीजेपी का आया रिएक्शन
सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने मणिशंकर अय्यर के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेता बताए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ममता बनर्जी से ज्यादा योग्य तो खुद मणिशंकर अय्यर हैं, क्योंकि वे अधिक पढ़े-लिखे हैं, भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में रह चुके हैं और लंबे समय तक संसद सदस्य रहे हैं।
शाहनवाज़ हुसैन ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को नेतृत्व की जरूरत है, इसलिए अगर मणिशंकर अय्यर को इसका प्रमुख बना दिया जाए तो शायद बेहतर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनका नाम कोई नहीं ले रहा है, इसलिए उन्होंने चर्चा के लिए उनका नाम आगे बढ़ाया है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि इंडिया गठबंधन का न तो कोई स्पष्ट ढांचा दिखता है, न कार्यालय और न ही कोई औपचारिक अध्यक्ष।
Keywords: Mani Shankar Aiyar, Rahul Gandhi, Mamata Banerjee, INDIA Alliance, Indian Politics News

