महाराष्ट्र में लंबे समय से टल रहे स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर आखिरकार स्थिति साफ हो गई है। राज्य चुनाव आयोग ने घोषणा की है कि 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में 2 दिसंबर 2025 को मतदान होगा, जबकि 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। यह फैसला राज्य में लंबे समय से चल रहे स्थानीय प्रशासनिक गतिरोध को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
नगर निगम चुनाव जनवरी में संभव
बड़े शहरों- मुंबई, पुणे, ठाणे, नागपुर, नाशिक और औरंगाबाद — के नगर निगम चुनावों की घोषणा फिलहाल नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, इन नगर निगमों के चुनाव जनवरी 2026 के अंतिम चरण में कराए जाने की संभावना है। राज्य चुनाव आयोग ने पहले ही संकेत दिया था कि निकाय चुनाव तीन चरणों में कराए जाएंगे, जिनमें कुल 685 स्थानीय निकाय शामिल होंगे।
सुप्रीम कोर्ट की समय-सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि सभी लंबित स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक पूरी की जाए। इस दिशा में अब आयोग ने पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है।
राजनीतिक महत्व
ये चुनाव महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बेहद अहम हैं, क्योंकि इनमें शिवसेना (UBT), बीजेपी, एनसीपी (अजित पवार गुट) और कांग्रेस की साख दांव पर है। स्थानीय निकायों का नियंत्रण राज्य की सत्ता समीकरणों पर सीधा असर डालता है-खासकर मुंबई, पुणे और ठाणे जैसे शहरी इलाकों में।
विपक्ष के आरोप और राजनीतिक पृष्ठभूमि
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में हुई जब विपक्षी दलों ने 1 जुलाई की वोटर लिस्ट में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। विपक्ष का कहना है कि सूची में फर्जी और दोहरे नामों की भरमार है, जिससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
कई सालों से वार्ड संरचना और ओबीसी आरक्षण के मुद्दों के कारण ये चुनाव अटके हुए थे। सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आदेश दिया है कि सभी लंबित स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी 2026 तक पूरे किए जाएं।
शिवसेना (UBT) का ऐलान-कोर्ट में जाएंगे
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने कहा है कि यदि वोटर लिस्ट की खामियों को दूर किए बिना चुनाव कराए गए, तो पार्टी कोर्ट में याचिका दाखिल करेगी। पार्टी का कहना है कि ऐसा करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अन्याय होगा।
वहीं, चुनाव अधिकारियों का कहना है कि एक बार अधिसूचना जारी हो जाने के बाद अदालत का हस्तक्षेप मुश्किल हो जाता है।
NCP नेता दिलीप वल्से पाटिल का बयान
अजित पवार गुट के मंत्री दिलीप वल्से पाटिल ने हाल ही में कहा था कि जिला परिषद चुनाव 15 दिसंबर 2025 को और नगर निगम चुनाव 15 जनवरी 2026 को हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की तय सीमा के अनुसार राज्य को 31 जनवरी 2026 से पहले सभी निकाय चुनाव संपन्न कराने हैं।
Keywords: Maharashtra Nagar Parishad Election, Maharashtra Nagar Panchayat Election, Maharashtra Election Commission Announcement

