चम्बा: कहा जाता है कि वफादारी के मामले में इंसान सबसे ज्यादा भरोसा कुत्तों पर करता है। दुनिया भर में ऐसी कई मिसालें हैं, जहां कुत्तों ने अपनी वफादारी निभाते हुए मौत का सामना किया, यहां तक कि अपनी जान तक गंवा दी। इसके बावजूद कुत्ते कभी अपनी निष्ठा नहीं छोड़ते। हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के भरमौर क्षेत्र से सामने आया एक ऐसा ही भावुक कर देने वाला मामला हर किसी की आंखें नम कर रहा है।
भरमौर के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाके में कड़ाके की ठंड के कारण एक युवक की मौत हो गई। जब वह घर से निकला था, उस समय उसका पालतू कुत्ता भी उसके साथ था। मालिक की मौत के बाद वह वफादार कुत्ता भीषण ठंड के बीच चार दिनों तक शव के पास बैठा रहा और उसने अपने मालिक को अकेला नहीं छोड़ा। इन चार दिनों के दौरान कुत्ते ने न तो कुछ खाया और न ही पानी पिया, बल्कि आसपास के जंगली जानवरों से अपने मालिक के शव की रक्षा करता रहा।
दो युवकों के साथ मंदिर गया था कुत्ता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 23 जनवरी को भरमौर निवासी दो युवक विकसित राणा (19) और पीयूष (13)भरमाणी माता मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। लौटते समय वे भारी बर्फबारी में फंस गए। इस दौरान उनका पालतू कुत्ता पीटबुल भी उनके साथ था। इस हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई, लेकिन पीटबुल उनमें से एक युवक के शव के पास बैठा रहा।
रेस्क्यू टीम के आने तक नहीं छोड़ा साथ
घटना की सूचना मिलने के बाद जब रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, तो पीटबुल किसी को भी शव के पास नहीं आने दे रहा था। हालांकि, कुछ देर तक उसे प्यार से पुचकारने और यह भरोसा दिलाने के बाद कि वे उसके दुश्मन नहीं हैं, तब जाकर पीटबुल शांत हुआ और टीम को आगे बढ़ने दिया। इसके बाद शवों को हेलिकॉप्टर की मदद से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
Keywords: Dog Loyalty Story, Chamba, Himachal Pradesh, Pitbull Loyalty Story, Viral News

