डेनमार्क की प्रमुख दवा कंपनी नोवो नॉर्डिस्क ने आखिरकार अपनी प्रसिद्ध दवा ओज़ेम्पिक (Ozempic) को भारत में लॉन्च कर दिया है। भारतीय मरीजों और डॉक्टरों के बीच इस दवा को लेकर काफी उत्सुकता थी, क्योंकि यह दुनिया भर में टाइप-2 डायबिटीज के इलाज में बहुत प्रभावी मानी जाती है। कंपनी ने इसे 0.25 mg, 0.5 mg और 1 mg की तीन खुराकों में उपलब्ध किया है। ओज़ेम्पिक की खास बात यह है कि इसे केवल एक बार सप्ताह में लेना होता है, जिससे मरीजों को रोज़-रोज़ दवा लेने की परेशानी से छुटकारा मिलता है।
जेब पर होगा कितना असर?
कंपनी के अनुसार, ओज़ेम्पिक की 0.25 mg की शुरुआती डोज की साप्ताहिक कीमत ₹2,200 रखी गई है। मासिक कीमतों की बात करें तो 0.25 mg के लिए ₹8,800, 0.5 mg के लिए ₹10,170 और 1 mg के लिए ₹11,175 खर्च होंगे। वैश्विक बाजार में इसकी बड़ी मांग और वजन घटाने के लिए इसके गलत तरीके से बढ़ते उपयोग ने इसकी कीमतों को हमेशा चर्चा में बनाए रखा है। भारत में लॉन्च होने के बाद उम्मीद है कि यह दवा उन मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होगी जो लंबे समय से प्रभावी और सुविधाजनक इलाज की तलाश में थे।
सीडीएससीओ ने दिखाई हरी झंडी
सीडीएससीओ ने अक्टूबर 2024 में ओज़ेम्पिक को भारतीय बाजार में उपयोग की मंजूरी दी थी। यह दवा डाइट और एक्सरसाइज के साथ मिलकर टाइप-2 डायबिटीज में ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद करती है। अमेरिकी FDA के अनुसार, यह दवा उन मरीजों के लिए भी फायदेमंद है जो पहले से हृदय रोग से ग्रसित हैं, क्योंकि यह गंभीर कार्डियोवैस्कुलर घटनाओं, जैसे हार्ट अटैक या स्ट्रोक, के जोखिम को कम करने में सहायक पाई गई है। इसकी साप्ताहिक खुराक का मॉडल मरीजों में दवा के प्रति अनुशासन और निरंतरता को बढ़ावा देता है।
कैसे करता है असर?
हालांकि ओज़ेम्पिक मुख्य रूप से डायबिटीज नियंत्रण के लिए बनाई गई है, इसका सबसे बड़ा फायदा इसके वजन घटाने वाले प्रभाव के रूप में सामने आया है। इसका सक्रिय घटक सेमाग्लूटाइड (Semaglutide) शरीर में जीएलपी-1 हार्मोन की तरह काम करता है, जो मस्तिष्क को यह संकेत भेजता है कि पेट भर गया है, जिससे भूख कम लगती है। इसके अलावा, यह पाचन प्रक्रिया को धीमा करता है, जिससे व्यक्ति को लंबे समय तक भूख का एहसास नहीं होता।
यह हार्मोन उच्च कैलोरी की क्रेविंग्स को भी कम करता है, जिससे कुल कैलोरी सेवन घटता है। यही वजह है कि दुनिया भर में इसे वजन कम करने के लिए गलत तरीके से भी उपयोग किया गया है, हालांकि चिकित्सकीय रूप से इसका उपयोग सिर्फ डायबिटीज रोगियों के लिए ही सलाह दी जाती है।
Keywords: Ozempic, Novo Nordisk, Diabetes Treatment, Type 2 Diabetes

