बिहार: बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासनिक व्यवस्था और समाज की संवेदनशीलता पर सवाल उठाए हैं। यहां एक महादलित परिवार को अपनी बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान जाने का रास्ता नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने मजबूरी में सड़क के चौराहे पर ही दाह संस्कार किया। यह घटना प्रशासन की लापरवाही और सामाजिक भेदभाव की सच्चाई को उजागर करती है।
सामाजिक असमानता की कड़वी हकीकत
यह घटना बिहार के वैशाली जिले के गरौल थाना क्षेत्र के सोनधो मुबारकपुर मांझी टोला की है, जहां 91 वर्षीय झपकी देवी का निधन हो गया। जब परिजन शव लेकर श्मशान घाट की ओर बढ़े, तो उन्हें रास्ते में रुकावट का सामना करना पड़ा। परिजनों का आरोप था कि स्थानीय दुकानदारों ने श्मशान जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया। काफी समय तक संघर्ष और विवाद के बाद, अंत में दुखी और आक्रोशित परिजनों ने सड़क के चौराहे पर ही शव का दाह संस्कार किया।
बीच सड़क पर धधकती चिता
बीच सड़क पर जलती चिता की यह तस्वीर प्रशासन की लापरवाही और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह रास्ता लंबे समय से बंद है और इसके बारे में बार-बार शिकायत की गई है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मृतक के पुत्र सन्देश माझी ने कहा, “जब श्मशान जाने का रास्ता ही नहीं दिया गया, तो हमारे पास और कोई विकल्प नहीं था, इसलिए मजबूरी में हमने सड़क पर ही अंतिम संस्कार किया।” वहीं, स्थानीय दुकानदार शंकर ठाकुर ने कहा, “रास्ता पहले था, लेकिन अब नहीं दिया जा रहा। पुलिस मौके पर आई थी, लेकिन वह मूकदर्शक बनकर चली गई।”
उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन
घटना के बढ़ते विरोध के बाद, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया है और एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। हालांकि, अधिकारी अब तक कैमरे के सामने नहीं आए हैं, लेकिन महुआ के एसडीओ, डीएसपी और गरौल के बीडीओ की संयुक्त जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमणकारियों और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि रूबी देवी ने इसे दुखद घटना बताया और कहा कि सभी पक्ष मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान ढूंढेंगे ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
Keywords: Vaishali Bihar Dalit Family, Cremation On Road, Encroachment Issue, Administrative Failure, Caste Discrimination

