हैदराबाद में संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन की खपत कम करने और जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में आर्थिक दबाव, सप्लाई चेन की दिक्कतें और अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर आम लोगों पर पड़ रहा है। ऐसे समय में हर नागरिक को जिम्मेदारी निभाते हुए संसाधनों की बचत करनी चाहिए। पीएम ने कहा कि सच्ची देशभक्ति सिर्फ बलिदान नहीं, बल्कि कठिन दौर में देश के साथ खड़े रहने और सहयोग करने में भी दिखाई देती है।
बचत और सादगी पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने देशहित में कोरोना काल के दौरान अपनाए गए कई व्यावहारिक तरीकों को फिर से अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कंपनियों और लोगों से जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और डिजिटल कॉन्फ्रेंस को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के लिए लोगों से गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने और कुछ समय तक सोने की खरीदारी सीमित रखने की भी सलाह दी।
ईंधन बचत पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में ईंधन की खपत कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जहां संभव हो, निजी वाहनों की जगह मेट्रो, बस और दूसरे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही कार शेयरिंग और माल ढुलाई में रेलवे को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया। पीएम ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात करते हुए कहा कि डिजिटल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम जैसे विकल्प भी ईंधन बचाने में मददगार साबित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं और विदेश में होने वाले महंगे आयोजनों से बचकर देश के भीतर पर्यटन और कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की सलाह दी।
India continues to scale new heights of progress but at the same time there are several challenges we have to overcome.
— Narendra Modi (@narendramodi) May 10, 2026
Here is my appeal to my fellow Indians. pic.twitter.com/vIz1nT2EF6
सोने की खरीद पर संयम की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से कुछ समय तक जरूरत से ज्यादा सोना खरीदने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर सोने के आयात से विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में अगर लोग सीमित खरीदारी करें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को राहत मिल सकती है और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने में मदद मिलेगी।
स्वदेशी सामान को बढ़ावा
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से खरीदारी के दौरान भारतीय और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए देश में बने सामान का ज्यादा इस्तेमाल करेंगे, तो छोटे कारोबार और घरेलू उद्योगों को बड़ा सहारा मिलेगा। पीएम ने इसे आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।
प्राकृतिक खेती पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से रासायनिक खाद पर निर्भरता कम कर टिकाऊ और प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे खेती की लागत घटेगी, जमीन की गुणवत्ता बेहतर होगी और विदेशों से आयात होने वाले संसाधनों पर बोझ भी कम पड़ेगा। पीएम ने सिंचाई के लिए सोलर ऊर्जा आधारित पंपों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही। उनका मानना है कि अगर देश छोटे-छोटे बदलावों को अपनाए, तो आर्थिक चुनौतियों का असर काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Keywords: PM Modi Hyderabad Speech, Work From Home India, Natural Farming India, Made In India Campaign

