बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से कई श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में सात महिलाओं की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर की बताई जा रही है, जहां भारी भीड़ और अव्यवस्था के कारण हालात बिगड़ गए। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।
भारी भीड़ और अव्यवस्था बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि इस मंदिर में हर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा के लिए आते हैं। इस बार भी भारी भीड़ उमड़ी, लेकिन उचित व्यवस्था नहीं होने से हालात बिगड़ गए और अचानक अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ कैसे शुरू हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जहां राहत और बचाव का काम जारी है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया, सुरक्षा बढ़ाई गई
हादसे में करीब 10 से 12 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मंदिर परिसर को खाली कराकर स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
दीक्षांत समारोह के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक, आज नालंदा विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह आयोजित हो रहा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने की संभावना है। इस बड़े कार्यक्रम के बीच मंदिर हादसे के बाद अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं कि कहीं व्यवस्थाओं में चूक तो नहीं हुई।
Keywords: Nalanda Temple Stampede, Bihar Temple Accident, Sheetla Temple Nalanda Incident

