तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एम. के. स्टालिन को कोलाथुर सीट से चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा है। यह सीट लंबे समय से उनका मजबूत गढ़ मानी जाती थी, जहां से वे 2011, 2016 और 2021 में लगातार जीत दर्ज कर चुके थे। इस बार विजय थलपति की पार्टी TVK के उम्मीदवार और उनके पुराने सहयोगी वी.एस. बाबू ने उन्हें चुनाव में पराजित किया। इससे पहले 2021 में स्टालिन ने AIADMK के आदि राजाराम को हराया था।
TVK उम्मीदवार वी.एस. बाबू का राजनीतिक सफर
वी.एस. बाबू का राजनीतिक सफर कई बदलावों से भरा रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डीएमके से की थी और 2011 के विधानसभा चुनाव में कोलाथुर सीट से एम.के. स्टालिन के चुनाव अभियान का नेतृत्व भी किया था। बाद में उन्होंने पार्टी से दूरी बनाते हुए AIADMK का दामन थाम लिया और वहां सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाई। इसके बाद 7 फरवरी 2026 को उन्होंने एक और बड़ा कदम उठाते हुए विजय थलपति की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) में शामिल होकर अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत की।
कोलाथुर सीट पर स्टालिन का मजबूत राजनीतिक दबदबा
एम. के. स्टालिन तमिलनाडु की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि के पुत्र हैं। करुणानिधि के निधन के बाद 2018 में उन्होंने डीएमके की कमान संभाली। कोलाथुर विधानसभा सीट का गठन 2011 में विल्लिवक्कम और पुरासावक्कम के कुछ हिस्सों को मिलाकर किया गया था। इसके बनने के बाद से ही इस सीट पर लगातार तीन बार एम. के. स्टालिन विधायक चुने जाते रहे हैं।
Keywords: Kolathur Election Result 2026, MK Stalin Election Defeat, TVK Candidate VS Babu Victory, Tamil Nadu Political News 2026

