राजस्थान के अनूपगढ़ में विजयादशमी के पावन अवसर पर, भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को बड़ी चेतावनी दी है। सैनिकों को संबोधित करते हुए, आर्मी चीफ ने स्पष्ट किया कि भारत इस बार ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0’ में संयम नहीं बरतेगा और पाकिस्तान को यह सोचना पड़ेगा कि उसे दुनिया के नक्शे पर अपनी जगह बनाए रखनी है या नहीं।
‘ऑपरेशन 2.0’ में नहीं बरता जाएगा संयम
जनरल द्विवेदी ने पाकिस्तान देते हुए को चेतावनी कहा कि अगर वह इतिहास और भूगोल में अपनी जगह बनाए रखना चाहता है, तो उसे राज्य-प्रायोजित आतंकवाद को तुरंत बंद करना होगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “इस बार हम ऑपरेशन सिंदूर 1.0 जैसा संयम नहीं रखेंगे। इस बार (ऑपरेशन 2.0) हम कुछ ऐसा करेंगे, जिससे पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि वह नक्शे पर रहना चाहता है या नहीं।”
आर्मी चीफ ने जोर देकर कहा कि अगर भारत को फिर से उकसाया गया, तो देश की प्रतिक्रिया इतनी ताकतवर होगी कि पाकिस्तान को यह सोचने पर मजबूर होना पड़ेगा कि वह अपने वजूद को कायम रखना चाहता है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत एक कदम आगे भी जाने को तैयार है।
सैनिकों को तैयार रहने का निर्देश
इस दौरान, जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भारतीय सैनिकों को तैयार और स्टैंडबाय पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सैनिकों से कहा, “कृपया पूरी तरह तैयार रहें। ईश्वर की कृपा से आपको बहुत जल्द एक और मौका मिलेगा।” यह संदेश स्पष्ट संकेत देता है कि सेना प्रमुख किसी भी संभावित कार्रवाई के लिए सेना को मानसिक रूप से तैयार रहने को कह रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए थे 100 से ज्यादा आतंकी
गौरतलब है कि इससे पहले 7 मई को हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी गई थी। ऑपरेशन 1.0 में भारतीय सेनाओं ने पीओके और पाकिस्तान के अंदर 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए थे और 100 से ज्यादा आतंकवादियों को मार गिराया था।
जनरल द्विवेदी की यह चेतावनी, एक ऐसे समय में आई है जब सीमा पार से आतंकवाद का खतरा बरकरार है। उनकी बात से साफ है कि भारत इस बार किसी भी कीमत पर चुप बैठने वाला नहीं है और आतंकवाद को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
Keywords: Army Chief Upendra Dwivedi, Pakistan Warning, Operation Sindoor 2.0, State-sponsored Terrorism, Anupgarh, Vijayadashami, Indian Army

