भारत का लेकसिटी कहे जाने वाले उदयपुर में जो हुआ, वो मानवता को शर्मसार कर देने वाली वारदात है। ये सिर्फ एक गंभीर घटना नहीं है, बल्कि दफ्तर की सुरक्षा और वहां के भरोसे पर भी बड़ा सवाल है। पीड़िता के अनुसार, 20 दिसंबर को कंपनी के CEO का बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी शोभागपुरा के एक होटल में रखी गई थी। महिला मैनेजर भी रात करीब 9 बजे पार्टी में पहुंची थी। पार्टी देर रात तक चली, शराब भी चली, और फिर अचानक पीड़िता की तबीयत खराब होने लगी। इसी दौरान, कंपनी की महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने उसे आफ्टर पार्टी का हवाला देकर अपने साथ चलने के लिए कहा और भरोसा दिलाया कि वो उसे घर छोड़ देगी।
चलती कार में किया दुष्कर्म
रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे, पीड़िता को एक कार में बैठाया गया। कार में पहले से कंपनी के CEO और महिला अधिकारी का पति मौजूद थे। रास्ते में एक दुकान से स्मोकिंग आइटम लिया गया और पीड़िता से भी लेने को कहा गया। इसके बाद वो बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान कार में उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं और बाद में गैंगरेप हुआ। सुबह करीब 5 बजे जब उसे घर के बाहर छोड़ा गया, तो होश आने पर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे, कानों से इयरिं गायब थी, और शरीर के प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान थे यहां तक की पीड़िता के अंडरगार्मेंट और मोजा भी नहीं था। जब इस बात का पीड़िता को अहसास हुआ तो वो पूरी तरह टूट गयी, मानसिक और शारीरिक दोनों तौर पर।
डैश कैम बना जांच का अहम सबूत
इस मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है क्योंकि पीड़िता ने दावा किया है कि घटना का ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस के मुताबिक, जिस कार में ये सब हुआ, उसके डैश कैम में पूरी रिकॉर्डिंग है। ये अब जांच का बड़ा सबूत है। पीड़िता ने 23 दिसंबर को सुखेर थाने में शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल जांच, डिजिटल सबूत और बाकी तकनीकी चीजें केस में जोड़ ली हैं। जांच की जिम्मेदारी ASP (महिला अपराध) माधुरी वर्मा को दी गई है, ताकि सब कुछ निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से हो।
सवालों के घेरे में कंपनी
पुलिस ने CEO जीतेंद्र (जीतेश) सिसोदिया, महिला एग्जीक्यूटिव हेड शिल्पा सिरोही, और उसके पति गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। उदयपुर के एसपी योगेश गोयल के अनुसार, तीनों को कोर्ट में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। हैरानी की बात ये है कि जिस कंपनी के CEO पर आरोप है, उसी GKM IT प्राइवेट लिमिटेड ने खुद को महिला सुरक्षा के मामले में 5 में से 4.7 की रेटिंग दी थी। अब ये मामला सिर्फ कानून या पुलिस तक सीमित नहीं रहा, ये कॉर्पोरेट नैतिकता और दफ्तर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी बहस छेड़ चुका है। इस वक्त पीड़िता को काउंसलिंग और कानूनी मदद दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, वैसे ही सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Keywords: Udaipur Gang Rape Case, IT Company CEO Arrested, Rajasthan Crime News

