Ghaziabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित खोड़ा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोर की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 28 मई (बकरीद) की शाम सूर्या प्रताप चौहान पर उसके कुछ पूर्व परिचित युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते उसे फोन कर चौधरी स्कूल के पास वाली गली में बुलाया गया था।
दोपहर करीब 3:30 बजे असद और उसके साथियों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को तुरंत नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई यश की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में बुलाकर छात्र पर हमला
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार में रहने वाले 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान 11वीं का छात्र था। उसके दोस्त विक्की के अनुसार, असद ने फोन कर उसे बुलाया था, जहां उसके कुछ साथी भी मौजूद थे। बताया गया कि वहां असद ने सूर्या से कहा ‘क्या कभी बकरा हलाल होते हुए देखा है?’ और फिर अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
हमले की जानकारी मिलते ही सूर्या का भाई यश चौहान और मां मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। सूर्या की मौत की खबर के बाद खोड़ा इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
सूर्या हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में फरहान, आसिफ और नवाब शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में पहले पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया था, जिनमें से अब तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, जबकि दो अन्य अभी हिरासत में हैं। मामले की जांच जारी है।
Keywords: Ghaziabad Khoda Murder Case, Surya Chauhan Murder, Bakar Eid Killing Case Ghaziabad

