बिहार: पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला अब और जटिल होता जा रहा है। जहां एक ओर CBI टीम मामले की गहन जांच में जुटी है, वहीं दूसरी ओर मृतका के परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
“बेटी तो गई, अब बेटा भी मरेगा” – परिजनों को मिली दूसरी धमकी
छात्रा के परिजनों को शनिवार के बाद दूसरी बार धमकी भरा पर्चा मिला है, जिससे परिवार में डर का माहौल है। इस बार पर्चा घर के अंदर फेंका गया, जिसमें लिखा था, “अगर नहीं माने तो बेटी तो गई, बेटा भी दो दिन में मरेगा।” इससे पहले शनिवार को किचन की खिड़की पर भी धमकी भरा पर्चा मिला था, जिसमें लिखा था, “ज्यादा तेज बने तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे।”
मृतका के पिता ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि घर की सुरक्षा के लिए चौकीदार तैनात है और बाहर पुलिस बल भी मौजूद है, लेकिन घर के अंदर धमकी का पर्चा मिलना चौंकाने वाला है। उन्होंने बताया कि पहले मिली धमकी की जानकारी पुलिस और CBI को दी थी, लेकिन फिर भी दूसरी बार ऐसा होना सुरक्षा में बड़ी चूक को दर्शाता है। इस बीच, CBI की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है और मंगलवार को पांच सदस्यीय टीम मृतका के पैतृक गांव पहुंची और परिजनों से लंबी पूछताछ की।
सीबीआई ने परिवार से की गहरी पूछताछ
सीबीआई की टीम मंगलवार को दोपहर लगभग 3 बजे छात्रा के गांव पहुंची। जांच अधिकारियों ने परिवार के सदस्य से अलग-अलग कमरे में पूछताछ की, जो करीब 4.5 घंटे तक चली। इस दौरान टीम ने कई अहम बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया, जैसे छात्रा की हाल की गतिविधियां, उसका व्यवहार, मौत से पहले परिवार से हुई बातचीत और हॉस्टल में रहते हुए उसे कोई समस्या थी या नहीं।
सीबीआई ने किया भाई का मोबाइल जब्त
जांच के दौरान सीबीआई ने मृतका के भाई का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अब इस फोन की फॉरेंसिक जांच करेगी। कॉल डिटेल्स, मैसेज, सोशल मीडिया गतिविधि और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि छात्रा किसी दबाव में थी या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य बाहरी कारण था।
इंसाफ की उम्मीद में परिवार
सीबीआई की टीम ने करीब रात 8:45 बजे जांच पूरी करने के बाद पटना के लिए प्रस्थान किया। इससे पहले, टीम ने शम्भू गर्ल्स हॉस्टल का दौरा किया था, जहां उन्होंने हॉस्टल संचालक और अन्य छात्राओं के बयान दर्ज किए थे। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, सीबीआई हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। मृतका के परिजनों ने जांच पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सीबीआई की कार्रवाई से सच्चाई सामने आएगी और उनकी बेटी को न्याय मिलेगा।
घटनाक्रम और न्याय की आस
सब कुछ 6 जनवरी से शुरू हुआ। उस दिन छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में बेहोश मिली। हालत इतनी खराब थी कि तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा। लेकिन 11 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। पुलिस ने शुरू में इसे आत्महत्या समझा, मगर SIT की जांच में कई बातें सामने आईं और पूरा मामला पलट गया। सरकार ने मामला गंभीर देखा, तो CBI को जांच सौंप दी। अब एजेंसी डीएनए रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों का इंतजार कर रही है।
इस बीच, परिवार लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद जांच एजेंसी पर भरोसा कर रहा है। उनका कहना है, बेटी तो कभी लौटकर नहीं आएगी, लेकिन सच सामने आना और दोषियों को सजा मिलना ही उनके लिए असली न्याय होगा। अब ये मामला सिर्फ एक छात्रा की मौत तक सीमित नहीं है। ये छात्रावासों की सुरक्षा और जांच में पारदर्शिता की असली परीक्षा बन गया है।
Keywords: Patna NEET Student Death, Shambhu Girls Hostel Case, CBI Investigation Bihar, Family Threats NEET Student

