Bihar Weather: पटना समेत बिहार के कई जिलों में सोमवार शाम मौसम अचानक बदल गया। दोपहर तक जहां तेज गर्मी और उमस थी, वहीं करीब 4 बजे अचानक आसमान में काले और घने बादल छा गए, जिससे पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। इसके कुछ ही देर बाद तेज हवाएं चलने लगीं और आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई जगहों पर बिजली गिरने और मौसम से जुड़ी अन्य घटनाओं में बड़ा नुकसान हुआ। अधिकारियों के अनुसार, इन हादसों में 12 लोगों की मौत हो गई है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बिहार के कई जिलों में मौसम का कहर
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार बिहार के अलग-अलग जिलों में खराब मौसम के कारण 12 लोगों की जान गई है। पूर्वी चंपारण में 5, गयाजी में 4 और औरंगाबाद में 3 लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने पहले ही पटना और आसपास के इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की थी।
सीएम ने मृतकों के परिवारों के लिए मुआवजे का ऐलान किया
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का आदेश दिया है। साथ ही लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में सावधानी बरतें और आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
बिहार में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में नुकसान
मई की भीषण गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश ने लोगों को हैरान कर दिया। बिहार के कई जिलों में तेज बारिश और आंधी से काफी नुकसान हुआ है। सिवान और बक्सर में ओलावृष्टि हुई, जबकि कई जगहों पर बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर गिर गए। समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी में पेड़ गिरने से सड़कों पर यातायात बाधित रहा। बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पटना में 39 मिमी और गया में 477 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा वाल्मीकिनगर में 26.2 मिमी, मोतिहारी में 22.3 मिमी और समस्तीपुर में 19.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
Keywords: Bihar Weather Update, Bihar Storm And Rain News, Lightning Deaths In Bihar 2026, Patna Heavy Rain Damage Report

