उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोतवाली क्षेत्र में पैरा एथलीट चिराग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में 17 वर्षीय यश को आरोपी बनाया गया है, जो खुद भी पैरा एथलीट है और ब्लाइंड कैटेगरी में खेलता था। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी पास के ही रावली रोड, बंसतपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया है कि चिराग ने यश के दस्तावेजों को लेकर शिकायत की थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी, क्योंकि चिराग ने एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई भी किया था।
एशियन गेम्स की तैयारी कर रहा था चिराग
शनिवार को कोतवाली क्षेत्र के साईं उपवन में चिराग त्यागी का शव मिला था, जिसके शरीर पर दो गोलियों के निशान पाए गए। चिराग एक उभरता हुआ पैरा एथलीट था और बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा था। उसने अक्टूबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया था। हाल ही में उसने बेंगलुरु में हुई नेशनल प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल भी जीता था। इन दिनों वह दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रहकर अपनी तैयारी कर रहा था।
इकलौता बेटा था चिराग, परिवार में मातम
चिराग मूल रूप से मुरादनगर का रहने वाला था और अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उनके पिता मनोज त्यागी ने बताया कि बेटे के खेल करियर के लिए उन्होंने अपनी पूरी जमा पूंजी लगा दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए यश से पूछताछ कर रही है और उसके करीबियों से भी सवाल-जवाब हो सकते हैं। घटना के बाद से चिराग के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Keywords: Ghaziabad Para Athlete Murder, Chirag Tyagi Murder, Blind Category Athlete Shooting

