फिल्मी पर्दे से राजनीति तक का सफर तय करने वाले सी. विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। ‘थलापति’ के नाम से लोकप्रिय विजय को जनता का बड़ा समर्थन मिला, लेकिन अब असली परीक्षा शुरू हो चुकी है। चुनाव प्रचार के दौरान किए गए बड़े वादों को लागू करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। मुफ्त योजनाओं, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर जनता की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं, ऐसे में उनकी सरकार पर हर फैसले को लेकर नजर बनी रहेगी।
फ्री बिजली पर नया नियम
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया, लेकिन इसके साथ एक सीमा भी तय कर दी गई। यह सुविधा सिर्फ उन्हीं परिवारों को मिलेगी, जिनकी दो महीने में कुल बिजली खपत 500 यूनिट से ज्यादा नहीं होगी। फैसले के सामने आते ही सोशल media पर बहस शुरू हो गई। कई लोग इसे चुनावी वादे से अलग बता रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि मुफ्त बिजली योजना में अब शर्तें क्यों जोड़ी गईं।
सरकार ने राज्य में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए 65 विशेष एंटी-ड्रग यूनिट बनाने का फैसला लिया है। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘सिंगा पेन सिरप्पु अथिराडी पदाई’ नाम से एक खास टास्क फोर्स गठित करने का ऐलान किया गया। सरकार का कहना है कि यह टीम महिलाओं से जुड़ी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करेगी और सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगी।
वादों के बीच आर्थिक दबाव
नई सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती राज्य की खराब आर्थिक हालत मानी जा रही है। विजय ने स्वीकार किया कि तमिलनाडु भारी कर्ज के बोझ से जूझ रहा है और सरकारी वित्तीय स्थिति काफी कमजोर हो चुकी है। उनके मुताबिक, राज्य पर लाखों करोड़ रुपये का कर्ज है, जबकि सरकारी खजाने पर भी दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में चुनावी वादों को पूरा करना सरकार के लिए आसान नहीं होगा और आर्थिक संतुलन बनाए रखना बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।
विजय सरकार ने महिलाओं और बच्चों को लेकर कई बड़ी कल्याणकारी योजनाओं का वादा किया है। घोषणापत्र के मुताबिक, 60 साल से कम उम्र की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा शादी के लिए सोना और हर साल मुफ्त गैस सिलेंडर देने की बात भी कही गई है। नवजात बच्चों के लिए खास योजना के तहत सोने की अंगूठी और जरूरी सामान से भरी “बेबी वेलकम किट” देने का वादा किया गया है, ताकि परिवारों को शुरुआती मदद मिल सके।
महिलाओं के लिए बड़े वादे
विजय ने महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई खास योजनाओं का ऐलान किया है। गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में मदद के तौर पर सोने के साथ महंगी रेशमी साड़ी देने का वादा किया गया है। वहीं, महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के लिए बिना ब्याज के लाखों रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है, ताकि वे अपना काम और कारोबार आगे बढ़ा सकें।
Keywords: Thalapathy Vijay Tamil Nadu CM, Tamil Nadu Free Electricity Scheme, Vijay Election Promises Tamil Nadu

