पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर अमेरिका को बातचीत का प्रस्ताव भेजा है। इस प्रस्ताव में युद्ध खत्म करने और वैश्विक व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने की बात कही गई है। ईरान ने यह वार्ता प्रस्ताव दो चरणों में रखा है।
पहले चरण में एक महीने के भीतर युद्धविराम लागू करने, अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को समाप्त करने और ईरान तथा लेबनान में जारी संघर्ष को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए समझौते पर बातचीत का प्रस्ताव दिया गया है।
ईरान का कहना है कि इससे क्षेत्र में स्थिरता बहाल होगी और वैश्विक स्तर पर तेल आपूर्ति पर पड़ रहे असर को भी कम किया जा सकेगा। दूसरे चरण में, पहले समझौते के सफल होने के बाद, ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक महीने की अलग बातचीत शुरू करने की बात कही है। इससे यह संकेत मिलता है कि ईरान परमाणु मुद्दे पर भी बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उसकी प्राथमिकता पहले समुद्री नाकेबंदी और क्षेत्रीय संघर्ष को खत्म करना है।
हालांकि, इस प्रस्ताव पर अमेरिका की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि यदि यह पहल आगे बढ़ती है, तो लंबे समय से चले आ रहे तनाव को कम करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है और पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति बहाल हो सकती है।
गौरतलब है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक स्तर पर लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल गुजरता है। ऐसे में इस मार्ग का दोबारा खुलना वैश्विक बाजार और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
Keywords : Iran US Talks, Middle East Tension, Hormuz Strait News, Iran Peace Proposal

